25.3 C
Jaipur
Sunday, July 20, 2025

सरकार का लक्ष्य 15 अगस्त तक ‘लखपति दीदियों’ की संख्या दो करोड़ तक पहुंचाना है: चौहान

Newsसरकार का लक्ष्य 15 अगस्त तक ‘लखपति दीदियों’ की संख्या दो करोड़ तक पहुंचाना है: चौहान

(फोटो के साथ)

जूनागढ़ (गुजरात), 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि भारत में 1.5 करोड़ महिलाएं पहले ही लखपति दीदी बन चुकी हैं और उनके मंत्रालय का लक्ष्य 15 अगस्त तक इस संख्या को दो करोड़ तक ले जाने का है।

‘लखपति दीदी’ से तात्पर्य स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की उस महिला सदस्य से है, जो प्रतिवर्ष एक लाख रुपये या उससे अधिक की आय अर्जित करती है।

प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) ने एक विज्ञप्ति में कहा कि चौहान ने गुजरात के जूनागढ़ शहर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- मूंगफली अनुसंधान निदेशालय का दौरा किया, जहां उन्होंने इसकी गतिविधियों की समीक्षा की और किसानों और स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियों के साथ बातचीत की।

चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर महिला को ‘लखपति दीदी’ बनाने का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी महिला गरीब क्यों रहे? यह अभियान पूरे भारत में चलाया जा रहा है। अब तक 1.5 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और मेरा विभाग 15 अगस्त तक दो करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि जूनागढ़ में ऐसी महिलाएं हैं जो पहले से ही प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये से अधिक कमा रही हैं।

मंत्री ने कहा, ‘‘ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं ने साबित कर दिया है कि अगर उन्हें कुछ अवसर और प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, तो वे चमत्कार कर सकती हैं। ये महिलाएं ‘वोकल फॉर लोकल’ की सच्ची पथप्रदर्शक हैं। मुझे विश्वास है कि ये महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप विकसित भारत का निर्माण करेंगी।’’

चौहान ने महिलाओं के योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘साहस के साथ आगे बढ़ते रहिए। प्रधानमंत्री मोदी स्वयं हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आपके साथ खड़े हैं। औद्योगिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजनाएं जारी हैं। महिलाओं की कड़ी मेहनत प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप विकसित भारत के निर्माण में सहायक होगी।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि अब भी भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उनके लिए किसानों की सेवा करना भगवान की पूजा करने के समान है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सिर्फ अपने दिल्ली कार्यालय में नहीं बैठता। इसके बजाय, मैं कृषि क्षेत्रों का दौरा करता हूं, किसानों से बातचीत करता हूं और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करता हूं। हमारे प्रधानमंत्री भी कृषि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।’’

इससे पहले दिन में चौहान ने गिर सोमनाथ जिले में प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर सासन में गिर राष्ट्रीय उद्यान के पास देवलिया सफारी उद्यान का दौरा किया।

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles