22.7 C
Jaipur
Monday, September 1, 2025

केरल : कई पुरुषों से विवाह कर ठगी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार

Newsकेरल : कई पुरुषों से विवाह कर ठगी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार

तिरुवनंतपुरम, सात जून (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम से एक महिला को कई पुरुषों से शादी कर उन्हें धोखा देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह आर्यनाड के एक पंचायत सदस्य से शादी करने वाली थी। उसने बताया कि महिला को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और उसी दिन उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई, क्योंकि शादी से कुछ घंटे पहले दूल्हे को उसकी मंशा का पता चल गया था।

आर्यनाड पुलिस थाना में इस संबध में मामला दर्ज किया गया है। थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दूल्हे को महिला की पिछली शादियों के बारे में तब पता चला, जब वह शादी के लिए तैयार हो रही थी और उसने उसके बैग की जांच की।

अधिकारी ने बताया कि दूल्हे ने पुलिस को सूचित किया और महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

शिकायतकर्ता दूल्हे के अनुसार, मई में महिला ने खुद को दुल्हन की मां बताकर उससे फोन पर संपर्क किया और शादी के बारे में बात की।

पंचायत सदस्य द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, इसके बाद उसने लड़की बन उसे फोन किया और संदेश भेजा तथा दावा किया कि वह अविवाहित है और उसे गोद लिया गया है तथा उसकी मां उसकी शादी कराने में रुचि नहीं रखती है।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी महिला ने उसे शादी के लिए राजी किया और छह जून को शादी की तारीख तय की गई।

शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसे शादी की तैयारियों पर किये गए खर्च से 7.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

See also  जयशंकर ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात की

पुलिस ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि महिला ने पूर्व में कितने लोगों से ठगी की है। शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी महिला सात से आठ बार पहले ही शादी कर चुकी है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles