13.6 C
Jaipur
Sunday, December 14, 2025

पुणे में महिला पुलिस अधिकारी से छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज, पार्टी छोड़ी

Newsपुणे में महिला पुलिस अधिकारी से छेड़छाड़ के आरोप में भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज, पार्टी छोड़ी

पुणे, 25 जून (भाषा) पुणे में एक महिला पुलिस अधिकारी से छेड़छाड़ करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पुणे इकाई के एक पदाधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

आरोपी प्रमोद कोंधरे भाजपा की पुणे इकाई के महासचिव हैं और उनके एक वरिष्ठ सहयोगी ने बताया कि कोंधरे ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार को शनिवारवाड़ा इलाके में एक चाय की दुकान के पास हुई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी प्रमोद कोंधरे ने कथित रूप से महिला अधिकारी से दुर्व्यवहार किया था।

अधिकारी ने बताया, ‘‘सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से कथित घटना का पता चला और महिला अधिकारी ने भी कोंधरे पर अनुचित कृत्य में शामिल होने का आरोप लगाया। हमने महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने और यौन उत्पीड़न से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 75 के तहत मामला दर्ज किया है।’’

इस बीच, भाजपा की नगर इकाई के अध्यक्ष धीरज घाटे ने कहा कि कोंधरे ने अपना इस्तीफा दे दिया है और पार्टी ने इसे स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘पत्र में कोंधरे ने कहा कि उनके खिलाफ जांच पूरी होने तक उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया जाना चाहिए। हमने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’’

इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा नेता और विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चित्रा वाघ ने कोंधरे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles