28.6 C
Jaipur
Thursday, September 4, 2025

कमोडोर कार्तिक श्रीमल ‘ऑपरेशन संकल्प’ में अपनी भूमिका के लिए युद्ध सेवा पदक से सम्मानित

Newsकमोडोर कार्तिक श्रीमल ‘ऑपरेशन संकल्प’ में अपनी भूमिका के लिए युद्ध सेवा पदक से सम्मानित

नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने शुक्रवार को कमोडोर कार्तिक श्रीमल को युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया।

कमोडोर श्रीमल को ऑपरेशन संकल्प के दौरान नौसेना के पश्चिमी बेड़े के फ्लीट ऑपरेशन ऑफिसर के रूप में उनके असाधारण पेशेवर आचरण के लिए यह सममान दिया गया।

यहां नवनिर्मित नौसेना भवन में आयोजित पहले नौसेना अलंकरण समारोह में यह पदक प्रदान किया गया। भारतीय नौसेना द्वारा दिसंबर 2023 में शुरू किए गए ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत लाल सागर, अदन की खाड़ी, उत्तरी अरब सागर और सोमालिया के पूर्वी तट के समुद्र में समुद्री डकैती रोधी, ड्रोन रोधी और मिसाइल रोधी अभियान शामिल थे।

समारोह के दौरान, नौसेना प्रमुख (सीएनएस) ने नेतृत्व, पेशेवर उपलब्धि और उच्च कोटि की विशिष्ट सेवा प्रदान करने वाले विभिन्न अन्य नौसेनाकर्मियों को नौसेना पदक (वीरता), नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण) और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया।

कमोडोर श्रीमल को अत्यधिक चुनौतीपूर्ण समुद्री अभियानों के दौरान उनकी ‘व्यावहारिक, साहसिक और निर्णायक योजना’ के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने 18 दिसंबर, 2023 को पश्चिमी बेड़े के बेड़ा संचालन अधिकारी (फ्लीट ऑपरेशन ऑफिसर) के रूप में कार्यभार संभाला।

श्रीमल को एक जनवरी, 1996 को कमीशन दिया गया था और वे ‘ नौहवहन और दिशा में विशेषज्ञ हैं।

नौसेना ने कहा, ‘‘इजराइल-हमास संघर्ष के समुद्री क्षेत्र में फैलने और भारत के समुद्री व्यापार के लिए उत्पन्न खतरे को देखते हुए पश्चिमी बेड़े को ‘ऑपरेशन संकल्प’ का परिचालन नियंत्रण सौंपा गया था।’’

समारोह में कुल 51 पदक प्रदान किए गए जिनमें 13 नौसेना पदक (वीरता), आठ नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण) और 17 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

आईएनएस विशाखापत्तनम के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन बृजेश नांबियार को भी 2024 में मिसाइल हमले के बाद नेफ्था ले जाने वाले जहाज एमवी मार्लिन लुआंडा पर लगी आग पर काबू पाने में उनकी भूमिका के लिए नौसेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया।

आईएनएस सुमित्रा के कमांडर राजाबाबू शर्मा को 2024 में अपहृत जहाजों – एफवी ईमान और एफवी अल नइमी की पहचान करने और सफलतापूर्वक उन्हें रोकने के लिए यह वीरता पुरस्कार मिला।

इसी श्रेणी में, आईएनएस कोलकाता के लेफ्टिनेंट कमांडर वैभव त्यागी को चुनौतीपूर्ण मौसम और हमले के खतरों के बीच असाधारण हवाई टोही के लिए नौसेना पदक (वीरता) से सम्मानित किया गया, जिससे 24 मार्च को 21 कर्मियों को बचाया जा सका।

नौसेना ने कहा कि आईएनएस कोलकाता के लेफ्टिनेंट कमांडर हर्षुल भट को दिसंबर 2023 में एमवी रुएन पर समुद्री डकैती रोधी अभियान के दौरान अनुकरणीय नेतृत्व और बहादुरी के लिए यह पदक मिला।

आईएनएस विशाखापत्तनम के मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर वन (जीएस) वीर सिंह यादव को भी एमवी मार्लिन लुआंडा घटना में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

जुलाई 2024 में डूबते हुए व्यक्ति को बचाने के लिए पूर्व पेटी ऑफिसर इलेक्ट्रिकल (पावर) धर्मबीर सिंह नेगी को जीवन रक्षक पदक से सम्मानित किया गया।

लेफ्टिनेंट कमांडर जोबिन जॉन को कैप्टन रवि धीर स्मारक स्वर्ण पद और लेफ्टिनेंट कमांडर गजेंद्र सिंह सोलंकी को लेफ्टिनेंट वी के जैन स्मारक स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

परिचालन इकाइयों की श्रेणी में आईएनएस त्रिशूल, आईएनएस शिवालिक, आईएनएस कर्ण और आईएनएएस 316 को यूनिट प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

तटीय प्रतिष्ठानों के लिए प्रशस्ति पत्र आईएनएस सतवाहन, आईएनएस राजली और आईएनएस तुनिर को दिए गए।

भाषा

संतोष धीरज

धीरज

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles