28.7 C
Jaipur
Saturday, August 30, 2025

शुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष से लौटने पर बधाइयों का तांता, देश में जश्न

Newsशुभांशु शुक्ला के अंतरिक्ष से लौटने पर बधाइयों का तांता, देश में जश्न

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 18 दिन बिताने के बाद पृथ्वी पर लौटने का मंगलवार को भारत में जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने अपने समर्पण, साहस और अन्वेषण भावना से करोड़ों सपनों को प्रेरित किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र के साथ मिलकर शुक्ला का उनके ‘ऐतिहासिक’ अंतरिक्ष मिशन से लौटने पर स्वागत किया।

शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘मैं राष्ट्र के साथ मिलकर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का स्वागत करता हूं, जो अपने ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन से पृथ्वी पर लौट आए हैं।’

उन्होंने शुक्ला की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत के अपने मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन – गगनयान की दिशा में एक और मील का पत्थर है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर एक्सिओम मिशन 4 के संचालन में शुक्ला की भूमिका की सराहना की, जिसने भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण के लिए एक नया मील का पत्थर स्थापित किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस मिशन में शामिल सभी लोगों को मेरी बधाई।’’

कैमरों की ओर देखकर मुस्कुराते हुए और हाथ हिलाते हुए शुक्ला और तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री मंगलवार को ड्रैगन ग्रेस अंतरिक्षयान से बाहर निकले और अंतरिक्ष यात्रा पूरी करने के बाद ताजी हवा में पहली सांस ली।

ड्रैगन अंतरिक्ष यान भारतीय समयानुसार अपराह्न 3:01 बजे दक्षिणी कैलिफोर्निया के सैन डिएगो तट पर उतरा, जिससे 20 दिन की अंतरिक्ष यात्रा पूरी हुई, जिसमें से 18 दिन उसने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताये गए।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि यह ‘‘वास्तव में भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक निर्णायक क्षण है।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आईएसएस पहुंचने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री के रूप में, उनकी अटूट प्रतिबद्धता और पेशेवर उत्कृष्टता ने प्रत्येक नागरिक को अत्यधिक गौरवान्वित किया है।’’

धनखड़ ने कहा, ‘‘भारत की अंतरिक्ष क्षमता लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रही है और यह मिशन महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष यात्रियों और वैज्ञानिकों की पीढ़ियों को अंतरिक्ष में आगे तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेगा।’’

See also  झारखंड: रांची समेत पांच जिलों में शुक्रवार को बंद रहेंगे स्कूल, आईएमडी ने भारी बारिश का जताया अनुमान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और विपक्षी नेताओं ने शुक्ला की इस उपलब्धि की सराहना की।

‘‘भारत माता की जय’’ के नारे और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस क्षण का जश्न मनाया गया, जब लखनऊ में जन्मे शुक्ला और उनके साथी यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष यान पृथ्वी पर उतरा।

शुक्ला के पूर्व विद्यालय सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के कानपुर रोड परिसर में भी लोगों ने जश्न मनाया। शुभांशु के परिवार के सदस्यों के साथ-साथ छात्रों, शिक्षकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भारतीय झंडे लहराकर कैप्सूल के प्रशांत महासागर में उतरने का स्वागत किया।

शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला, मां आशा देवी की आंखों में खुशी के आंसू दिखे, जबकि उनकी बहन सुचि मिश्रा ने नम आंखों और हाथ जोड़कर अपने भाई के उतरने का स्वागत किया।

शंभू शुक्ला ने कहा, ‘‘वह अंतरिक्ष में गया और वापस आया है और हम बहुत खुश हैं क्योंकि इस मिशन का देश के गगनयान कार्यक्रम के लिए अपना महत्व है।’’

लखनऊ से लोकसभा सदस्य राजनाथ सिंह ने शुक्ला के पिता से फोन पर बात करके उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि देश को उनके बेटे की उपलब्धियों पर गर्व है।

भारतीय वायुसेना के 39 वर्षीय अधिकारी और परीक्षण पायलट शुक्ला ने ‘एक्सिओम-4’ मिशन के तहत अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा पूरी की। यह एक वाणिज्यिक अंतरिक्ष उड़ान थी, जिसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का समर्थन प्राप्त था तथा यह एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित थी।

शाह ने कहा, ‘‘भारत की महानता की निरंतर खोज से प्रेरित होकर, उन्होंने एक ऐसे विजय अध्याय की रचना की है, जिसने न केवल हमारे गौरव को बढ़ाया है, बल्कि भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों और वैज्ञानिकों के बीच उनके कौशल और संकल्प पर नया विश्वास भी जगाया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस यात्रा में प्राप्त ज्ञान और अनुभव भारत के भावी अंतरिक्ष अभियानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे।’’

See also  दो पूर्व सीजेआई ने एक साथ चुनाव कराने से जुड़े विधेयक के कुछ प्रावधानों पर उठाए सवाल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्ला की सराहना करते हुए कहा कि शुक्ला की उपलब्धि गर्व की बात है। बनर्जी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘शुभांशु शुक्ला, देश में आपका स्वागत है। हमें यह देखकर बहुत खुशी हुई कि आप वापस आ गए हैं। आपने जो किया है, उसे देखना हमारे लिए गर्व की बात है। आपको और आपकी टीम के सदस्यों को बधाई, और आपके परिवार को शुभकामनाएं।’’

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्ला की उपलब्धि को साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक बताया। योगी ने कहा, “आज हर भारतीय, विशेषकर उत्तर प्रदेश वासी गौरवान्वित है। भारत आपके स्वागत को उत्सुक है।”

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष में विभिन्न अध्ययनों के बाद आज धरती पर सकुशल वापसी की ख़बर ख़ासकर युवाओं को प्रोत्साहित एवं देश को उत्साहित करने वाली है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “इस सफलता के लिए मूलतः लखनऊवासी श्री शुक्ला एवं उनके परिवार समेत देश के सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों एवं उनकी संस्थाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उम्मीद है कि इस प्रकार के अनुभवों से देश के करोड़ों जनता को ज़रूर लाभ मिलेगा।”

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि मिशन के बाद की कई प्रक्रियाओं के बाद शुक्ला के 17 अगस्त तक भारत पहुंचने की उम्मीद है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्ला और पूरी एक्सिओम-4 टीम को उनके मिशन के सफलापूर्वक पूरा होने के बाद पृथ्वी पर लौटने पर बधाई दी।

सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं शुभांशु शुक्ला को उनकी अंतरिक्ष यात्रा के सफलतापूर्वक पूरा होने और पृथ्वी पर सुरक्षित वापसी पर हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने अपने धैर्य और दृढ़ संकल्प से लाखों लोगों के सपनों को पंख दिए हैं। उनकी यात्रा भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह देश के लिए गौरव का क्षण है। भारत ने अंतरिक्ष अन्वेषण में एक नया मील का पत्थर पार कर लिया है।’’

See also  ग्यारह दिनों तक ईरान में फंसे रहने के बाद बंगाल के पर्वतारोही आखिरकार अपने घर पहुंचे

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आपकी सुरक्षित वापसी भारतीय विज्ञान के लिए एक गौरवशाली क्षण और हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी छलांग है। आपका समर्पण एक पीढ़ी को प्रेरित करता है और अंतरिक्ष अनुसंधान में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के भारत के संकल्प को मजबूत करता है। हर वापसी के साथ, हम अपने प्रक्षेपण के और करीब पहुंचते जा रहे हैं।’’

वहीं अमरावती से मिली खबर के अनुसार आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और आंध्र प्रदेश में विपक्ष के नेता वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा के बाद पृथ्वी पर सफलतापूर्वक लौटने पर शुक्ला का स्वागत किया।

राजभवन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘नजीर ने आईएसएस की यात्रा करने वाले पहले भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उनका ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन सफलतापूर्वक पूरा होने पर बधाई दी है, जिसने 1.4 अरब भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं को बढ़ाया है।’’

शुक्ला की इस उपलब्धि को मानव क्षमता, नवाचार और वैश्विक सहयोग में एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए, नायडू ने कहा कि उनके मिशन ने अनगिनत युवा दिमागों को बड़े सपने देखने और अंतरिक्ष तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया है।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, आपका स्वागत है। एक्सिओम-4 के साथ पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री के रूप में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की आपकी ऐतिहासिक यात्रा मानव क्षमता, नवाचार और वैश्विक सहयोग के लिए एक गौरवपूर्ण मील का पत्थर है।’’

उन्होंने शुक्ला और पूरे दल, जो अभी-अभी अंतरिक्ष स्टेशन से लौटे हैं, के सुरक्षित स्वास्थ्य लाभ और उनके भविष्य के प्रयासों में निरंतर सफलता की कामना की।

वहीं युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) अध्यक्ष वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्ला की अंतरिक्ष से वापसी को देश के लिए गौरव का क्षण बताया।

रेड्डी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘भारत के लिए गौरव का क्षण। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 के पूरे दल को सफल मिशन के बाद आईएसएस से वापसी पर बधाई।’’

भाषा अमित माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles