बेंगलुरु, दो अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने शनिवार को घोषणा की कि कांग्रेस के ‘‘संविधान विरोधी रवैये’’ के खिलाफ पार्टी पांच अगस्त को बेंगलुरु में प्रदर्शन करेगी। उसी दिन राहुल गांधी ‘‘वोट चोरी’’ की कथित घटनाओं के खिलाफ प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
विजयेंद्र ने कहा कि उनकी पार्टी के सदस्य यहां विधान सौध परिसर में गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पांच अगस्त को ‘वोट चोरी’ की कथित घटनाओं के खिलाफ यहां फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन में शामिल होंगे। भाजपा ने भी उसी स्थल पर अपना प्रदर्शन आयोजित करने के लिए बेंगलुरु पुलिस से अनुमति मांगी थी। हालांकि, कानून-व्यवस्था और कांग्रेस के वहां पहले से ही तय प्रदर्शन के कारण जगह की कमी का हवाला देते हुए उसे अनुमति नहीं दी गई।
बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विवाद के बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने आरोप लगाया है कि देश में चुनाव में ‘‘वोटों की चोरी’’ हो रही है। गांधी ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने कर्नाटक के एक संसदीय क्षेत्र का अध्ययन करके वोटों की चोरी के तरीके का पता लगाया है।
कांग्रेस पार्टी के रवैये को ‘पूरी तरह से असंवैधानिक’ बताते हुए विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, ‘उनका (कांग्रेस) लोकतंत्र से विश्वास उठ गया है। उनका संवैधानिक संस्थाओं से विश्वास उठ गया है। वे निर्वाचन आयोग पर आरोप लगा रहे हैं। सिद्धरमैया और डी के शिवकुमार ने भी उनके सुर में सुर मिलाया है। इसलिए मेरा सीधा सवाल है कि अगर कोई आरोप हैं, तो कांग्रेस कर्नाटक में सत्ता में कैसे आई? उन्होंने तीनों उपचुनाव कैसे जीते?’
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को पचा नहीं पा रहे हैं और उनका (राहुल) प्रधानमंत्री बनने का सपना अधूरा रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग पर बार-बार आरोप लगाकर राहुल गांधी देश और राज्य की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
भाषा आशीष माधव
माधव