21.3 C
Los Angeles
Wednesday, September 3, 2025

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मंडल की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

Newsमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मंडल की विकास परियोजनाओं की समीक्षा की

(फाइल फोटो के साथ)

सहारनपुर (उप्र) चार अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर के एक दिवसीय दौरे में इस मंडल के तीन जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान में कहा गया कि राज्य के चतुर्दिक विकास के लिए शुरू की गई मंडलवार जनप्रतिनिधि संवाद शृंखला के तहत सोमवार को सहारनपुर मंडल के तीन जिलों, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली के जन प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री ने विशेष समीक्षा बैठक की। यह बैठक यहां सर्किट हाउस हुई जिसमें मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से उनके निर्वाचन क्षेत्रों की स्थिति, जन अपेक्षाओं और विकासात्मक प्राथमिकताओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने इस बैठक में प्रत्येक विधायक के साथ व्यक्तिगत रूप से उनके क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि सहारनपुर मंडल का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस क्षेत्र का पुनरुत्थान और समेकित विकास ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण का मूलाधार है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सभी विकास प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों में प्रखंड मुख्यालयों तक संपर्क, धार्मिक स्थलों तक पहुंच मार्ग, सिंचाई अवसंरचना जैसे कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल थीं।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे अपने क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की सतत निगरानी करें और स्थानीय जनभावनाओं के अनुरूप योजनाओं को आकार देने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

बयान के अनुसार बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सहारनपुर के गंगोह मार्ग पर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल बाबा जाहरवीर गोगा म्हाड़ी के दर्शन किए। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिसर में नवनिर्मित अमृत सरोवर का उद्घाटन किया।

भाषा आनन्द राजकुमार

राजकुमार

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles