मुंबई, 14 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने स्वतंत्रता दिवस पर राज्य में कुछ नगर निकायों की ओर से मांस की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का बृहस्पतिवार को विरोध किया। उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों का खान-पान नहीं निर्धारित करना चाहिए।
राज ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि नगर निकायों को इस तरह का प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा, “सरकार और नगर निकायों को यह तय नहीं करना चाहिए कि किसी को क्या खाना चाहिए और क्या नहीं। हम स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं और हमें क्या खाना चाहिए, यह चुनने की कोई आजादी नहीं है। स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी तरह का प्रतिबंध लगाना एक विरोधाभास है।”
महाराष्ट्र में नागपुर, नासिक, मालेगांव, छत्रपति संभाजीनगर और कल्याण-डोंबिवली के नगर निगमों ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले बूचड़खानों और मांस की दुकानों को 15 अगस्त को बंद रखने का निर्देश जारी किया है।
राज के अलावा, कई अन्य विपक्षी नेताओं ने भी इस फैसले का विरोध किया है।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश