नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) सरकार ने सोमवार को संसद को सूचित किया कि प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 2024-25 में 3,005 मामलों में जब्त किए गए सोने की मात्रा इससे पहले के साल की तुलना में आधी से भी ज्यादा घटकर 2,600 किलोग्राम रह गई है।
वर्ष 2023-24 में तस्करी के 6,599 मामलों में लगभग 4,972 किलोग्राम सोने की जब्ती की गई जो अपने उच्चतम स्तर पर थी।
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने पिछले 10 वर्षों में सोने के आयात और तस्करी किए गए सोने की जब्ती का विवरण दिया।
वित्त वर्ष 2023 में, 4,343 किलोग्राम सोना जब्त किया गया, जबकि वित्त वर्ष 2022 और वित्त वर्ष 2021 में यह जब्ती क्रमशः 2,172 किलोग्राम और 1,944 किलोग्राम रही।
मूल्य के लिहाज से सोने का आयात 2024 में 58 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो 2023 के 42.58 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा है। 2022 में इस कीमती पीली धातु का आयात 36.59 अरब अमेरिकी डॉलर का रहा, जबकि 2021 में यह 55.78 अरब अमेरिकी डॉलर था।
साल 2024 में सबसे ज़्यादा सोने का आयात स्विट्जरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से हुआ। मूल्य के लिहाज से स्विट्जरलैंड से सोने का आयात 21.49 अरब अमेरिकी डॉलर का रहा, जबकि यूएई से 12.93 अरब अमेरिकी डॉलर का आयात हुआ।
इसी तरह पिछले साल दक्षिण अफ्रीका और पेरू से आयात क्रमशः 5.21 अरब अमेरिकी डॉलर और 4.37 अरब अमेरिकी डॉलर का रहा।
भाषा वैभव माधव
माधव