नेपाल में हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं। लगातार बढ़ती हिंसा के बीच नेपाल आर्मी ने कर्फ्यू लगा दिया है, लेकिन हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा। कई इलाकों में तनाव का माहौल है और प्रशासन हालात काबू में लाने की कोशिश कर रहा है। नेपाल में हो रही हिंसा में राजस्थान के करीब 4 हजार यात्री काठमांडू और आसपास के क्षेत्रों में फंसे हुए हैं।
इनमें सबसे ज्यादा संख्या जयपुर से गए यात्रियों की है, जिनकी संख्या लगभग 700 बताई जा रही है। काठमांडू एयरपोर्ट पर यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग होटलों में रुके हुए हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं। हालात बिगड़ने के चलते उन्हें फिलहाल वहीं रुकने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कई अन्य टूर ऑपरेटरों के यात्री भी इसी तरह की स्थिति का सामना कर रहे हैं।
नेपाल हालात पर राजस्थान सरकार अलर्ट
राजस्थान सरकार ने हालात पर नज़र रखते हुए मदद के लिए अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
हिंसा और कर्फ्यू के बीच बढ़ाई गई सुरक्षा
नेपाल में फंसे यात्रियों के परिजन लगातार संपर्क साध रहे हैं और अपने परिजनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद जता रहे हैं। हालात पर नजर बनाए रखने के लिए भारतीय दूतावास और नेपाल प्रशासन लगातार समन्वय कर रहे हैं। नेपाल में जारी हिंसा और कर्फ्यू के बीच पर्यटक स्थलों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारतीय दूतावास ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और आधिकारिक सूचनाओं का पालन करने की अपील की है।
नेपाल हालात पर सीएम भजनलाल शर्मा चिंतित
नेपाल में बिगड़ते हालात के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वहां की परिस्थितियों को देखते हुए राजस्थान सरकार नेपाल में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर मौजूदा हालात की जानकारी ली है। उन्होंने अधिकारियों को नेपाल में फंसे राजस्थान के यात्रियों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश सरकार हर स्तर पर कर रही प्रयास
प्रदेश सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और नेपाल में फंसे लोगों के परिजनों को भरोसा दिलाया गया है कि उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने नेपाल में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों से अपील की है कि वे काठमांडू में भारतीय दूतावास के सतत संपर्क में बने रहें, और भारत सरकार द्वारा जारी की जा रही एडवाइजरी का पालन करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत सरकार प्रत्येक देशवासी की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यात्रियों की सुरक्षा भारत सरकार की प्राथमिकता
नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत के विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें भारतीय नागरिकों से फिलहाल नेपाल की यात्रा टालने की अपील की गई है। वहीं, जो भारतीय नागरिक पहले से नेपाल में मौजूद हैं, उन्हें अपने वर्तमान निवास स्थान पर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक बिना आवश्यकता सड़कों पर निकलने से बचें और पूरी सावधानी बरतें। इसके साथ ही नेपाल प्रशासन और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। नेपाल में हालात पर नजर बनाए रखने के लिए भारत सरकार और भारतीय दूतावास लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
किसी भी आपात स्थिति में भारतीय दूतावास, काठमांडू से इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।
- +977-9808602881
- +977-9810326134