Thar Festival 2025: मरुधरा की संस्कृति और परंपरा से रूबरू करवाने वाला थार महोत्सव 2025 इस बार 8 और 9 अक्टूबर को रंग-बिरंगी छटा बिखेरेगा। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन कला, संस्कृति और खेल का अनोखा संगम होगा। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने महोत्सव की भव्य तैयारियों के लिए सभी विभागों को पुख्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए हैं।
थार महोत्सव की वापसी
जिला कलेक्टर टीना डाबी की पहल से एक बार फिर बाड़मेर में थार महोत्सव की रौनक लौट रही है। दो दिवसीय यह महोत्सव 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें मरुधरा की लोक कला, संस्कृति, विरासत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रंग बिखेरेंगी। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयास से इस बार महोत्सव को और भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
थार महोत्सव में रंग-बिरंगे कार्यक्रम
8 अक्टूबर को थार महोत्सव का आगाज बाड़मेर जिला मुख्यालय पर भव्य शोभायात्रा से होगा। इसके बाद आदर्श स्टेडियम में मिस थार, मिस्टर थार श्री, मूंछ प्रतियोगिता, ऊंट श्रृंगार, रस्साकशी (महिला व पुरुष वर्ग), पनिहारी मटका दौड़, दादा-पौता दौड़ और बास्केटबॉल मैच जैसे रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम को सांस्कृतिक संध्या में थार क्षेत्र के नामी लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
थार महोत्सव का समापन
9 अक्टूबर को सुबह किराडू मंदिर परिसर में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही ग्रामीण कबड्डी, दौड़, दंपती दौड़, दादा-पोता दौड़, रुमाल झपट्टा और मेहंदी प्रतियोगिता जैसी परंपरागत प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। महोत्सव का समापन 9 अक्टूबर की शाम महाबार के धोरों पर भव्य सांस्कृतिक संध्या से होगा, जिसमें प्रसिद्ध लोक कलाकार मरुधरा की समृद्ध धरोहर से दर्शकों को रूबरू कराएंगे।
यह भी पढ़ें:- राजस्थान का गुरुकुल: मोबाइल बैन, वेद अनिवार्य, संस्कारवान नई पीढ़ी तैयार