कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का आज सुबह निधन हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस के चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व मंत्री बीडी कल्ला समेत कई कांग्रेस नेता श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके अलावा खाद्य आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा भी उपस्थित रहे। कुछ ही देर में दिवंगत नेता डूडी की अंतिम यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का निधन हो गया। ब्रेन स्ट्रोक के बाद पिछले दो साल से कोमा में रहने वाले डूडी ने शुक्रवार देर रात घर पर ही अंतिम सांस ली। नोखा के बिरमसर गांव में जन्मे डूडी का राजनीतिक सफर पंचायत से शुरू हुआ और बाद में वे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार हो गए।
डूडी के निधन से क्षेत्र में शोक
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में रामेश्वर डूडी की पत्नी सुशीला डूडी चुनाव जीतकर वर्तमान में नोखा विधायक बनीं। डूडी के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। आज (4 अक्टूबर) सुबह 11 बजे बीकानेर में पूगल रोड बगेची में उनका अंतिम संस्कार होगा।
किसानों की आवाज रहे डूडी का निधन
प्रदेश में किसानों की बुलंद आवाज माने जाने वाले रामेश्वर डूडी पंचायत समिति प्रधान, जिला प्रमुख, विधायक और सांसद के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं। अगस्त 2023 में उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद वे कोमा में थे। शुरुआत में उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया। हाल ही में उनका इलाज बीकानेर वापस लाया गया था।