Bihar Election 2025: जयपुर। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी रणनीतिक तैयारियों में तेजी ला दी है। पार्टी ने चुनावी प्रबंधन के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षकों और जिलों के पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति से ये नियुक्तियाँ की गईं, जिनके आदेश पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने जारी किए।
अशोक गहलोत को मिली बड़ी भूमिका
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ओर से वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनके साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। तीनों नेता चुनाव प्रबंधन, रणनीति निर्माण, संगठनात्मक समन्वय और स्थानीय नेतृत्व के साथ समवाय स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी करेंगे।
41 जिलों में नियुक्त हुए पर्यवेक्षक, राजस्थान से 8 नेता शामिल
कांग्रेस ने बिहार के 41 जिलों के लिए पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की है। खास बात यह है कि इन पर्यवेक्षकों में राजस्थान के 8 नेताओं को भी जगह दी गई है, जिनमें चार विधायक और चार अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
राजस्थान से नियुक्त पर्यवेक्षक इस प्रकार हैं:
-
हरीश चौधरी – कांग्रेस विधायक व पंजाब के प्रभारी
-
अशोक चांदना – कांग्रेस विधायक
-
रफीक खान – कांग्रेस विधायक
-
अभिमन्यु पूनिया – कांग्रेस विधायक
-
रामलाल जाट – पूर्व मंत्री
-
दिनेश गुर्जर – कांग्रेस नेता
-
करण सिंह उचियारड़ा – जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी
-
अनिल चोपड़ा – जयपुर ग्रामीण से लोकसभा प्रत्याशी रहे
प्रत्याशी चयन में निभाएंगे अहम भूमिका
जिलों में नियुक्त ये पर्यवेक्षक न केवल चुनावी तैयारियों पर नजर रखेंगे, बल्कि वे प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इसके तहत वे स्थानीय कार्यकर्ताओं, नेताओं और दावेदारों से फीडबैक लेकर पैनल तैयार करेंगे और उन्हें पार्टी हाईकमान को सौंपेंगे।
कांग्रेस की नजर मिशन बिहार पर
इन नियुक्तियों से साफ है कि कांग्रेस इस बार बिहार चुनाव को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती। वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को चुनावी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने यह संदेश दिया है कि संगठनात्मक एकता और ज़मीनी पकड़ के जरिए वह बिहार में बेहतर प्रदर्शन की रणनीति पर काम कर रही है।
यह भी पढ़ें: