राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं परीक्षा-2023 के इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कर ली है। 28 जून 2023 को जारी 972 पदों पर भर्ती के लिए अब उम्मीदवारों को फाइनल रिजल्ट का इंतजार है। आयोग आज अंतिम परिणाम जारी कर सकता है, जिससे सफल अभ्यर्थियों का चयन हो जाएगा।
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रदेश में 972 नए अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। इससे कई विभागों में खाली पद भरने में मदद मिलेगी।
19,355 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा हुए पात्र
शुरुआत में इस भर्ती के लिए 905 पद निकाले गए थे। इनमें 424 पद राज्य सेवाओं के और 481 पद अधीनस्थ सेवाओं के थे। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर 972 कर दी गई। इसमें राज्य सेवाओं के 491 और अधीनस्थ सेवाओं के 481 पद शामिल हैं।
इस भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 1 अक्तूबर 2023 को आयोजित की गई थी। आपत्तियों के समाधान के बाद 20 अक्तूबर 2023 को रिजल्ट घोषित हुआ। इसमें 19,355 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए योग्य घोषित किया गया था।
20 और 21 जुलाई को हुए मेंस एग्जाम
मुख्य परीक्षा 20 और 21 जुलाई 2024 को आयोजित की गई थी। इसका परिणाम 2 जनवरी 2025 को जारी हुआ। इसमें 2,168 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से सफल घोषित किया गया। इनमें से 2 अभ्यर्थियों का रिजल्ट सील बंद रखा गया, 20 अभ्यर्थियों का परिणाम रद्द कर दिया गया और 3 अभ्यर्थियों के परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड किए गए।
21 अप्रैल से शुरू हुए साक्षात्कार
साक्षात्कार प्रक्रिया 21 अप्रैल 2025 से शुरू होकर सात चरणों में पूरी की गई। इसका अंतिम चरण 24 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चला। अब इंटरव्यू की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आयोग फाइनल रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है।

