साल 2025 अब समाप्ति की ओर है और नए वर्ष 2026 का इंतजार शुरू हो गया है। वर्ष 2026 के लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें कर्मचारियों को कुल 31 सार्वजनिक और 19 ऐच्छिक छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। यानी पूरे साल में 50 अवकाश मिलने की संभावना है। इनमें से कार्मिक अपनी पसंद की केवल दो ऐच्छिक छुट्टियां ले सकेंगे। खास बात यह है कि नए साल में 12 ऐसे सप्ताह आएंगे, जब कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी का लाभ मिलेगा।
वर्ष 2026 के अवकाश कैलेंडर में इस बार कर्मचारियों को थोड़ी निराशा भी हाथ लगी है। दरअसल, कई प्रमुख त्योहारों की तिथियां शनिवार और रविवार को पड़ने के कारण इस साल कुल 9 सार्वजनिक छुट्टियां स्वतः ही कम हो गई हैं।
इन निर्धारित अवकाशों के अलावा प्रत्येक जिले में जिला कलक्टर स्थानीय महत्व के दो अतिरिक्त सार्वजनिक अवकाश घोषित कर सकेंगे। वहीं, बैंक कर्मचारियों के लिए वित्त विभाग अलग से छुट्टियों का कैलेंडर जारी करेगा। आगामी वर्ष में 2 मार्च को होलिका दहन और 3 मार्च को धुलंडी का अवकाश रहेगा। दीपावली का त्यौहार 8 नवंबर को मनाया जाएगा, जबकि 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश रहेगा।
धुलंडी 3 मार्च को
जारी कैलेंडर के मुताबिक, वर्ष 2026 में दीपावली और महाशिवरात्रि दोनों ही रविवार को पड़ेंगी। होलिका दहन 2 मार्च को और धुलंडी 3 मार्च को मनाई जाएगी। इसके अलावा 21 सितंबर को रामदेव जयंती और तेजा दशमी, 19 अक्टूबर को दुर्गाष्टमी, 8 नवंबर को दीपावली और 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश रहेगा।
एक साथ मिलेंगे अवकाश
नए साल में कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। वर्ष 2026 में ऐसे 12 सप्ताह रहेंगे, जब उन्हें लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। इनमें सात सप्ताह ऐसे होंगे, जिनमें शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश रहेगा और उसके बाद शनिवार-रविवार का वीकेंड। वहीं, पांच सप्ताह ऐसे भी होंगे, जब शनिवार और रविवार के बाद सोमवार को छुट्टी मिलेगी। यानी कई मौकों पर सरकारी दफ्तर सिर्फ चार दिन ही खुलेंगे।
इन त्योहारों पर रविवार
अगले साल कई प्रमुख त्योहार और जयंती ऐसे दिनों पर पड़ रहे हैं, जब सरकारी दफ्तर पहले से बंद रहेंगे। कैलेंडर के अनुसार, 25 जनवरी को देवनारायण जयंती, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि, 19 अप्रैल को परशुराम जयंती, 9 अगस्त को आदिवासी दिवस, 11 अक्टूबर को घट स्थापना और 8 नवंबर को दीपावली रविवार को आएगी। वहीं, 21 मार्च को ईद-उल-फितर, 11 अप्रैल को ज्योतिबा फुले जयंती और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस शनिवार को रहेगा।

