राजस्थान के फलौदी शहर में लगातार बिगड़ती बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। शहर की समस्याओं से नाराज नेता बीते दो दिनों से धरने पर बैठे हैं।
यह धरना 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पाँच दिनों तक जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने इस दौरान समस्याओं के समाधान के ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चिंता बढ़ गई है।
शहर की गंदगी दूर करने के लिए धरने पर बैठे कांग्रेस नेता
फलौदी शहर की लगातार बढ़ती मूलभूत समस्याओं से नाराज कांग्रेस नेता महेश व्यास और पूर्व सभापति पन्नालाल व्यास ने जनआंदोलन का रास्ता अपना लिया है। दोनों नेता 27 अक्टूबर से धरने पर बैठे हैं, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा।
मंगलवार को धरने का दूसरा दिन रहा, जहां बड़ी संख्या में पूर्व पार्षद, स्थानीय नागरिक और युवा शामिल हुए। धरना स्थल पर लोगों ने शहर की बिगड़ती व्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।
सड़क से हर तरफ फैला है गंदगी का जाल
नगर परिषद कार्यालय के बाहर जारी इस धरने में प्रदेश कांग्रेस सचिव महेश व्यास ने शहर की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में गंदगी फैली हुई है और नगर परिषद द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालय जर्जर हालत में हैं।
व्यास ने यह भी आरोप लगाया कि सड़कों और गलियों में मवेशियों के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है, लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने मांग की कि नगर परिषद तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करे और शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए।
5 दिन बाद प्रशासन को दी आमरण अमशन की चेतावनी
महेश व्यास ने बताया कि शहर में खुले सीवरेज की वजह से कई इलाकों में गंदा पानी घरों और गलियों में भर जाता है, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
यह स्थिति गंभीर बीमारियों को जन्म दे रही है और स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे नगर परिषद कार्यालय के सामने आमरण अनशन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
यह भी पढ़ें:- Rajasthan Weather Alert: बेमौसम बारिश से फसलें बर्बाद, BJP अध्यक्ष मदन राठौड़ बोले- मिलेगा हर किसान को मुआवजा!

