Rajasthan Politics: राजस्थान के अंता विधानसभा उपचुनाव में सियासी गर्मी चरम पर है। नतीजों से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाज़ी तेज हो गई है। दो दिन के अंता प्रवास पर पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कोटा में मीडिया से बातचीत के दौरान बड़ा संकेत देते हुए कहा कि उपचुनाव के बाद मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की जाएगी और अंता से जीतने वाले नेता का नाम भी उसमें शामिल हो सकता है।
राठौड़ ने कहा कि अंता में कई उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन भाजपा अपने उम्मीदवार मोरपाल सुमन की जीत को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने सुमन को स्वच्छ छवि और निष्कलंक नेता बताते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी व पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया पर आपराधिक मामलों और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। राठौड़ ने कहा, हमारे सर्वे में हम चुनाव जीतते दिख रहे हैं।
आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
भाजपा की ओर से मंत्री बनाने के संकेत पर कांग्रेस ने कड़ा जवाब दिया। प्रदेश कांग्रेस मानव अधिकार विभाग के प्रदेश कोऑर्डिनेटर और एडवोकेट अख्तर खान अकेला ने कहा कि भाजपा अंता में हार रही है और यह बात उनके खुद के सर्वे में साफ दिख रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मदन राठौड़ की घोषणा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। अख्तर खान ने कहा, भाजपा जनता को मूर्ख समझती है क्या? बिना विकास कार्यों के लोग भाजपा को क्यों वोट देंगे? यह पब्लिक है, सब जानती है।
अंता उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। अब देखना होगा कि नतीजों के बाद सत्ता के गणित में किसकी बाज़ी लगती है और क्या राठौड़ का इशारा हकीकत में बदलता है।

