Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 40 नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। राजस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट को भी इस सूची में जगह दी गई है। दोनों नेता पहले चरण के चुनाव में भी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे थे और अब दूसरे चरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
गहलोत-पायलट पर कांग्रेस की खास नजर
अशोक गहलोत अनुभवी और रणनीतिक राजनीति के धुरंधर माने जाते हैं। वहीं सचिन पायलट युवा वर्ग में खास लोकप्रियता रखते हैं, जिसका लाभ कांग्रेस बिहार चुनाव में लेना चाहती है। कांग्रेस ने माना है कि दोनों नेताओं की अलग-अलग राजनीतिक शैली और प्रभाव चुनावी माहौल में पार्टी के लिए कारगर साबित हो सकती है।
बिहार में युवा मतदाताओं को साधने की रणनीति
बिहार में एक बड़ा युवा वोटबैंक इस बार चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर रहा है। युवाओं में नौकरी, रोजगार और विकास को लेकर नाराज़गी देखी जा रही है। ऐसे में कांग्रेस का मानना है कि पायलट का युवाओं से जुड़ाव और उनके मुद्दों को आवाज़ देने की क्षमता पार्टी के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है।
पहले भी निभाई थी अहम जिम्मेदारी
चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले भी अशोक गहलोत को बिहार में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर बने विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पार्टी नेतृत्व उनके अनुभव और संगठन संभालने की क्षमता पर भरोसा जताता रहा है। कांग्रेस की यह रणनीति साफ संकेत देती है कि पार्टी केंद्र और राज्यों के अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा नेतृत्व को भी समान महत्व देकर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने के मूड में है।
यह भी पढ़ें: बड़ा फैसला! जयपुर में ‘भारत जोड़ो सेतु’ का नाम बदला, टोंक रोड सहित इन 40 जगहों की लिस्ट आई सामने; देखें


