Rajasthan News: राजस्थान के पुष्कर में दुनिया भर के सैलानियों को आकर्षित करने वाला इंटरनेशनल पुष्कर मेला इस बार पूरे शबाब पर है। पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी और मेला मैदान में देसी खेलों का रोमांच—दोनों का संगम देखने को मिल रहा है। मंगलवार को आयोजित मटका रेस और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने पर्यटकों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। मैदान में इतनी भीड़ उमड़ी कि कदम रखने तक की जगह नहीं रही और हर ओर तालियों की गूंज सुनाई दी।
मटका रेस में जाट बेटी ने जीता दिल
सिर पर पानी से भरी मटकी रखकर दौड़ना—यह पारंपरिक रेस इस मेले की असली शान होती है। इस रोमांचक प्रतियोगिता में 13 महिलाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें 4 विदेशी प्रतिभागी भी शामिल थीं। जैसे ही रेस की शुरुआत हुई, मैदान तालियों और उत्साह से भर गया। लेकिन बाजी मारी राजस्थान की बेटी आचुकी जाट ने, जो बांदरसिंदरी गांव से आई थीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता प्रभारी डॉ. कुलदीप अग्रवाल ने कहा कि यह रेस पुष्कर मेले की परंपरा और गौरव को दुनिया तक पहुंचाती है।
म्यूजिकल चेयर में मची धूम
पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित म्यूजिकल चेयर इवेंट में तो उत्साह और बढ़ गया। जैसे ही देसी धुनें बजनी शुरू हुईं, माहौल उत्साह से भर गया। यह मुकाबला 26 प्रतिभागियों के बीच हुआ, जिनमें 20 भारतीय और 6 विदेशी सैलानी शामिल थीं। इस रोमांचक रेस में अनिता कंवर (मसूदा, अजमेर) ने पहला स्थान हासिल किया। दीपा नवल (पुष्कर) दूसरे नंबर पर रहीं। वहीं मर्सियम (अमेरिका) तीसरे नंबर पर रहीं
मेले में संस्कृति, संगीत और उत्साह का संगम
पुष्कर मेला इस बार आस्था, संस्कृति और मनोरंजन का अद्भुत संगम बन गया है। देसी खेलों में विदेशी सैलानियों की भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया है। मेले का हर पल रंग, उमंग और जोश से भरा नजर आ रहा है।
यह भी पढ़ें: इतिहास में सबसे कम पदों वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा! महज …. पदों के लिए एग्जाम

