Rajasthan by election 2025: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों बारां जिले की अंता विधानसभा सीट केंद्र में है। यह उपचुनाव केवल सत्ता और विपक्ष की प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं, बल्कि महिलाओं के उभार और राजनीतिक नेतृत्व में उनकी बढ़ती भागीदारी का भी सशक्त उदाहरण बन गया है। इस बार चुनावी रणभूमि में पुरुष नेताओं के साथ महिला नेत्रियां, विधायकाएँ और उम्मीदवारों की पत्नियाँ भी कंधे से कंधा मिलाकर डट गई हैं।
भाजपा की महिला ब्रिगेड मैदान में
भाजपा की ओर से प्रचार अभियान की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की। उन्होंने मोरपाल सुमन के पक्ष में जनसमर्थन जुटाते हुए कहा कि अंता की जनता विकास और सुशासन के लिए भाजपा के साथ है। महिला एवं बाल विकास मंत्री मंजू बाघमार ने भी महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर सरकार के प्रयासों को सामने रखा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भजनलाल शर्मा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसके सकारात्मक नतीजे अब दिखाई दे रहे हैं। भरतपुर से विधायक नौक्षम चौधरी ने अल्पसंख्यक महिलाओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है और यही विश्वास वोट में तब्दील होगा।
कांग्रेस ने भी उतारा महिला मोर्चा
कांग्रेस भी इस चुनावी मुकाबले में महिलाओं की भागीदारी को लेकर पीछे नहीं है। पूर्व विधायक मीनाक्षी चंद्रावत गांव-गांव जाकर कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के लिए समर्थन मांग रही हैं। उन्होंने कहा कि अंता की जनता विकास कार्यों को भूली नहीं है और इस बार भी भाया को भारी समर्थन मिलेगा।
बारां जिला प्रमुख उर्मिला जैन ने महंगाई और योजनाओं की बंदी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है और कांग्रेस को इसका लाभ मिलेगा।
पत्नी भी बनी ‘चुनावी योद्धा’
इस चुनाव की सबसे खास तस्वीर है—प्रत्याशियों की पत्नियों का सक्रिय राजनीतिक हिस्सा बनना। कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की पत्नी उर्मिला भाया घर-घर जाकर महिलाओं से संवाद कर रहीं हैं और पति के लिए समर्थन मांग रही हैं। दूसरी तरफ भाजपा उम्मीदवार मोरपाल सुमन की पत्नी नटी बाई भी अपनी सहयोगियों के साथ गांवों में जाकर गीतों और जागरण शैली से मतदाताओं से भावनात्मक अपील कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: इतिहास में सबसे कम पदों वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा! महज …. पदों के लिए एग्जाम

