राजस्थान में उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने सर्दी का असर और गहरा कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सीकर, नागौर, चूरू, दौसा, झुंझुनूं और अलवर जैसे जिलों में गुरुवार की सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे निचला स्तर है। बढ़ती ठंड के कारण सुबह और देर शाम के समय लोगों को गलन का अनुभव हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है।
फतेहपुर में पारा पहुंचा सिंगल डिजिट
वहीं बृहस्पतिवार सुबह तक के 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान बाड़मेर में 34.6 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इन जिलों में रहा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग की ताज़ा फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट का क्रम जारी है। बुधवार को अजमेर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस, भीलवाड़ा में 14.6, अलवर में 14.8 और जयपुर में 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पिलानी में 11.6, सीकर में 11.0, कोटा में 17.8, चित्तौड़गढ़ में 13.8, बाड़मेर में 18.2, जैसलमेर में 17.5, जोधपुर में 13.7, बीकानेर में 14.2 और चूरू में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा, श्रीगंगानगर में 14.2, नागौर में 9.4, जालौर में 18.9, सिरोही में 9.8, दौसा में 14.0 और झुंझुनूं में 11.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ये आंकड़े स्पष्ट संकेत देते हैं कि राज्य में सर्दी अब पूरी तरह दस्तक दे चुकी है।
आने वाले दिनों में गलन से ठिठुरेंगे लोग
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा। उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। वहीं, दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आ सकती है। उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में यह गिरावट और अधिक, यानी 3 से 5 डिग्री तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में इस गिरावट के कारण सुबह और देर शाम के समय लोगों को गलन और ठंडक का अधिक अनुभव होगा।
यह भी पढ़ें:- Miss Universe India 2025: राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा ने जीता ताज, अब थाईलैंड में 130 देशों से लेंगी टक्कर

