Rajasthan Politics: जयपुर। कांग्रेस हाईकमान ने राजस्थान की दो महिला नेताओं पर बड़ा भरोसा जताया है। धौलपुर-भरतपुर से सांसद संजना जाटव और पूर्व मंत्री रेहाना रियाज चिश्ती को पार्टी ने नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सांसद संजना जाटव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि रेहाना रियाज चिश्ती को महाराष्ट्र प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोनों महिला नेताओं की नियुक्ति के आदेश जारी किए। बताया जा रहा है कि दोनों नेता प्रियंका गांधी की करीबी मानी जाती हैं, और यही वजह है कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
सबसे कम उम्र की सांसद, अब मध्य प्रदेश प्रभारी
25 वर्ष की उम्र में लोकसभा सांसद बनीं संजना जाटव कांग्रेस की सबसे युवा महिला सांसद हैं। उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी के शैलेंद्र सिंह को 51,983 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। संजना जाटव अपनी जीत के बाद डांस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं।
पहली बार सांसद बनने के बाद उन्हें जल संसाधन समिति का सदस्य बनाया गया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संजना को यह जिम्मेदारी उनकी प्रियंका गांधी और सचिन पायलट से नजदीकी और संगठन में सक्रियता के कारण दी गई है। कम अनुभव के बावजूद इतनी बड़ी जिम्मेदारी उनके लिए चुनौती और अवसर दोनों मानी जा रही है।
गहलोत सरकार की पूर्व मंत्री, अब महाराष्ट्र प्रभारी
पूर्व मंत्री रेहाना रियाज चिश्ती पर भी पार्टी ने भरोसा जताया है। उन्हें महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है। रेहाना रियाज गहलोत सरकार में महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी हैं और कांग्रेस संगठन में एआईसीसी सचिव के रूप में सक्रिय हैं। राजनीति में मजबूत पकड़ और संगठनात्मक अनुभव के चलते उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस में जश्न
दोनों महिला नेताओं की नियुक्ति के बाद राजस्थान कांग्रेस में खुशी का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसे महिला नेतृत्व को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम बताया है। कांग्रेस हाईकमान ने इसी के साथ गुजरात और पंजाब में भी प्रभारियों की नियुक्ति की है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली गए पंत, अब किसकी होगी एंट्री? भजनलाल कैबिनेट में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज!


