राजस्थान में नवंबर के शुरुआती दिनों में ही सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना है। इस पर सतर्कता बरतते हुए विभाग ने सीकर और झुंझुनूं जिलों में 15 नवंबर तक शीतलहर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बढ़ी सुबह की ठंड
राजस्थान में बीते 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा गया है। बुधवार सुबह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8.3 से 14.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। सीकर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया — यह औसत से 3.4 डिग्री कम है। वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में हवा में आर्द्रता का स्तर औसतन 30 से 55 प्रतिशत के बीच बना हुआ है।
कई जिलों में पारा लुढ़का नीचे
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ताजा फोरकास्ट रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अजमेर में 12.2 डिग्री, अलवर में 9.2 डिग्री, जयपुर में 13.6 डिग्री, पिलानी में 10.5 डिग्री, सीकर में 8.3 डिग्री, कोटा में 13.6 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 11.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर में 17.0 डिग्री, जैसलमेर में 15.0 डिग्री, जोधपुर में 12.7 डिग्री, बीकानेर में 13.6 डिग्री और चूरू में 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा, श्रीगंगानगर में 12.5 डिग्री, नागौर में 8.7 डिग्री, जालौर में 11.6 डिग्री, सिरोही में 7.5 डिग्री, करौली में 9.6 डिग्री और दौसा में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।
सीकर-झुंझुनूं में शीतलहर अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आगामी 12 से 15 नवंबर के बीच राज्य के सीकर और झुंझुनूं जिलों में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है। विभाग ने इन दोनों जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, प्रदेश के अन्य भागों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सप्ताह से पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली उत्तरी ठंडी हवाएं प्रदेश के मैदानी इलाकों में पहुंचने लगेंगी। वीकेंड तक हिमालय और तराई के आसपास के क्षेत्रों में भारी हिमपात की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे उत्तरी हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी, वैसे-वैसे राजस्थान में शीतलहर का प्रभाव गहराएगा और ठिठुरन वाली सर्दी का दौर शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें:- अरावली पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला जल्द, राजस्थान के 20 जिलों में खनन लीज पर लग सकती है सख्त रोक


