Rajasthan Politics: अंता उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया की जीत पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने तीखा हमला बोला है। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने धनबल का खुला खेल खेला और वोटरों को 10 से 40 हजार रुपए तक बांटे गए। उन्होंने दावा किया कि भाया करीब चार महीने से तैयारी कर रहे थे और कांग्रेस ने लगभग 15 से 20 हजार वोट पैसों के दम पर हासिल किए।
बेनीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाया को बचाने में बीजेपी के कई नेता भी शामिल थे। उनके अनुसार, अंता में भाजपा दो गुटों में बंटी हुई थी, जबकि उनकी पार्टी के पास सबसे बड़ी कमी पैसे की थी।
मुख्य सचिव के दिल्ली ट्रांसफर पर बेनीवाल का दावा
मुख्य सचिव सुधांश पंत के कार्यकाल पूरा होने से पहले दिल्ली जाने के सवाल पर बेनीवाल बोले— “मुख्यमंत्री से दुखी होकर चीफ सेक्रेटरी तबादला लेकर दिल्ली चले गए। इससे साफ है कि सरकार के भीतर बगावत चल रही है।” उन्होंने कहा कि अगर जल्द हालात नहीं संभाले गए, तो राजस्थान में भी मानेसर जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है। बेनीवाल शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निवास पर उनकी पत्नी के निधन पर शोक जताने पहुंचे थे। इस दौरान मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भी मौजूद रहे।
2028 का चुनाव मिलकर लड़ेंगे
बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में युवा अब तीसरे विकल्प की तलाश में हैं। उन्होंने कहा “हाड़ौती में तीसरी ताकत उभर रही है। नरेश मीणा को 55 हजार वोट मिले, भाजपा और उनके बीच सिर्फ 100 वोट का अंतर रहा। लोग नया विकल्प चाहते हैं। 2028 का चुनाव मिलकर लड़ा जाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई नया युवा नेता आगे आता है, तो धनबल और सत्ता का दुरुपयोग करके उसका रास्ता रोका जाता है।
कांग्रेस देश में खत्म
बेनीवाल ने कहा कि कांग्रेस का देश में अस्तित्व खत्म हो रहा है, लेकिन यहां भजनलाल के खिलाफ माहौल है। उन्होंने कहा कि अगर आज चुनाव हो जाए तो बीजेपी 10 सीट भी नहीं निकाल पाएगी, और भजनलाल के नेतृत्व में पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
उन्होंने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच हाड़ौती में ‘गठबंधन’ जैसी स्थिति है।
उन्होंने वसुंधरा राजे और अशोक गहलोत पर भी निशाना साधा “वसुंधरा-गहलोत की दोस्ती कॉलेज टाइम से है। दोनों ने मिलकर राजस्थान को खूब लूटा। जब गहलोत सरकार गिर रही थी, वसुंधरा ने 8 विधायक देकर उन्हें बचाया था।”
पंचायत चुनाव में कांग्रेस का होगा सूपड़ा साफ
बेनीवाल ने दावा किया कि आने वाले पंचायत चुनावों में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया होगा। उन्होंने कहा— “2028 से पहले होने वाले पंचायत चुनाव तीसरे मोर्चे का ट्रेलर होंगे, पिक्चर 2028 में दिखेगी।”
भाजपा बैसाखी पर
बिहार में भाजपा की वापसी पर बेनीवाल बोले अगर नीतीश कुमार नहीं होते, तो भाजपा बिहार में नहीं आ पाती। भाजपा बैसाखियों के सहारे चल रही है।
अंता परिणाम का विश्लेषण होगा
मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि अंता की हार का गहन विश्लेषण किया जाएगा। उन्होंने कहा— “जैसे सुख-दुख साथ चलते हैं, वैसे ही हार-जीत भी। कुछ दिन पहले हुए चुनावों में 7 में से 5 सीटें बीजेपी जीती थी। जनता का फैसला स्वीकार है।” मुख्य सचिव के ट्रांसफर पर उन्होंने कहा कि यह रूटीन प्रक्रिया है और इसमें कोई असामान्य बात नहीं।
यह भी पढ़ें: CBSE फिर बदलाव की राह पर! दो दशक में क्यों नहीं टिक पाया एक भी सिस्टम?

