29.6 C
Jaipur
Tuesday, July 1, 2025

ठाणे में कोविड मामलों में हल्की बढ़ोतरी, कल्याण-डोंबिवली में 15 बिस्तरों की आइसोलेशन व्यवस्था तैयार

Fast Newsठाणे में कोविड मामलों में हल्की बढ़ोतरी, कल्याण-डोंबिवली में 15 बिस्तरों की आइसोलेशन व्यवस्था तैयार

ठाणे, 12 जून (भाषा) महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामलों में हाल में हुई वृद्धि के बीच ठाणे जिले में कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए महानगरपालिका द्वारा संचालित अस्पतालों में पृथकवास के लिए 15 बिस्तर तैयार रखे हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 107 नए मामले सामने आए, जिससे इस वर्ष अब तक राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1,700 हो गई।

बुधवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में कोविड-19 के दो और मरीजों की मौत भी दर्ज की गई, जिससे जनवरी से अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 21 हो गई।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नए मामलों में से मुंबई में 34, ठाणे जिले में एक, ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में सात, नवी मुंबई में पांच, कल्याण महानगरपालिका क्षेत्र में एक, पुणे जिले में चार, पुणे महानगरपालिका क्षेत्र में 44, पिंपरी चिंचवड़ में सात, सांगली में एक, सांगली महानगरपालिका में दो और नागपुर महानगरपालिका क्षेत्र में एक मामला दर्ज किया गया है।

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका के आयुक्त अभिनव गोयल ने संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 की तैयारियों के तहत पृथकवास के लिए बाई रुक्मिणीबाई अस्पताल में 10 और शास्त्री नगर अस्पताल में पांच बिस्तर तैयार रखे गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘लोगों को लक्षणों के बारे में तुरंत सूचना देनी चाहिए और घबराना नहीं चाहिए।’

मानसून से निपटने की तैयारियों को लेकर गोयल ने बताया कि नगर मुख्यालय में सातों दिन, 24 घंटे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष सक्रिय है जिसमें उपायुक्त स्तर के अधिकारी रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात हैं।

भाषा योगेश नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles