36.1 C
Jaipur
Monday, June 16, 2025

वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को, कांग्रेस के शीर्ष नेता कार्यक्रम में होंगे शामिल

Newsवीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को, कांग्रेस के शीर्ष नेता कार्यक्रम में होंगे शामिल

शिमला, 15 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को किया जाएगा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सोनिया गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेता इस इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे थे।

राज्य के लोक निर्माण मंत्री और राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह समारोह पहले शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिन पर आयोजित किया जाना था, लेकिन अब कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए इसे पुनर्निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के अनुरोध के बाद कार्यक्रम की तारीख में बदलाव किया गया है।

सिंह ने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी निमंत्रण दिया गया है तथा दोनों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘15 जुलाई के कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की प्रमुख सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और पार्टी के सभी विधायक शामिल होंगे।’’

वीरभद्र सिंह के बेटे सिंह ने कहा कि उन्होंने हाल ही में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण देने के लिए दिल्ली का दौरा किया था।

उन्होंने कहा, ‘वे (कांग्रेस के शीर्ष नेता) इसमें शामिल होकर दिवंगत वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि देने के इच्छुक थे, लेकिन पूर्व निर्धारित प्रतिबद्धताओं के कारण वे 23 जून को आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेंगे। इसलिए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए समारोह की तारीख 15 जुलाई कर दी गई है।’

वीरभद्र सिंह की विरासत पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा, ‘वह न केवल हिमाचल की राजनीति में एक दिग्गज थे, बल्कि राष्ट्रीय स्तर के राजनेता भी थे। विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके योगदान को स्वीकार किया है और इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने में रुचि दिखाई है।’

उन्होंने कहा, ‘राजा वीरभद्र सिंह सभी राजनीतिक दलों के सम्मानित नेता थे। यह समारोह राजनीति से परे है और एक ऐसे नेता को सम्मानित करने के लिए है, जिन्होंने राज्य और देश की विशिष्ट सेवा की।’

इससे पहले दिन में सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की बैठक की अध्यक्षता की।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि वीरभद्र सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर 24 जून को रामपुर बुशहर स्थित उनके पैतृक घर में अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा तथा उन्होंने लोगों से इसमें शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने का आग्रह किया।

भाषा योगेश नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles