नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एन वी अंजारिया, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई और बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश ए एस चंदुरकर को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की।
प्रधान न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाले पांच सदस्यीय कॉलेजियम ने पूर्व प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति अभय एस ओका तथा न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय के सेवानिवृत्त होने के बाद शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों के तीन मौजूदा रिक्त पदों के लिए नामों की सिफारिश करने का निर्णय लिया।
न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी भी नौ जून को सेवानिवृत्त होंगी।
उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 है, तथा वर्तमान में यह 31 न्यायाधीशों के साथ काम कर रहा है।
इन तीन न्यायाधीशों के अलावा, कॉलेजियम ने पांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों को मध्य प्रदेश, कर्नाटक, गुवाहाटी, पटना और झारखंड के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की भी सिफारिश की है।
कॉलेजियम ने सिफारिश की है कि न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए, जो वर्तमान में इसी उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हैं।
इसने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विभु बाखरू को कर्नाटक उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए। कॉलेजियम ने सिफारिश की है कि पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आशुतोष कुमार को गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।
इसने सिफारिश की है कि पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विपुल मनुभाई पंचोली को इसी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।
कॉलेजियम ने यह भी सिफारिश की है कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान को झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया जाए।
भाषा
शफीक माधव
माधव