31 C
Jaipur
Thursday, August 21, 2025

तकनीकी खामी के चलते एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर उड़ान के बाद लौटा हांगकांग

Newsतकनीकी खामी के चलते एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर उड़ान के बाद लौटा हांगकांग

मुंबई, 16 जून (भाषा) एअर इंडिया के एक ड्रीमलाइनर बोइंग विमान के दिल्ली के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद सोमवार को उसे हांगकांग लौटना पड़ा।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या एआई 315 हांगकांग में सुरक्षित तरीके से उतरी और सभी यात्री भी उसमें से उतर चुके हैं। विमान का निरीक्षण किया जा रहा है।

उड़ान हांगकांग से दोपहर 12.16 बजे (स्थानीय समयानुसार) रवाना हुई और इसे भारतीय समयानुसार दोपहर 12.20 बजे दिल्ली में उतरना था।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटरडार.कॉम’ के अनुसार, यह उड़ान लगभग 3.5 घंटे की देरी से रवाना हुई थी। इसका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 8.50 बजे था।

एअर इंडिया ने कहा, ‘‘16 जून 2025 को हांगकांग से दिल्ली के लिए प्रस्थान करने वाली उड़ान संख्या एआई315 तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद हांगकांग लौट गई। विमान हांगकांग में सुरक्षित रूप से उतरा और एहतियात के तौर पर इसकी जांच की जा रही है। यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य दिल्ली तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की योजना बनाई गई है।’’

उसने कहा, ‘‘हम इस अप्रत्याशित व्यवधान के कारण होने वाली असुविधा को कम करने के लिए यात्रियों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।’’

गत 12 जून को लंदन जाने वाला एअर इंडिया का विमान बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर अहमदाबाद में एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान उड़ान भरने के एक मिनट से भी कम समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें सवार 241 लोगों की मौत हो गई थी।

भाषा वैभव नरेश

नरेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles