32.8 C
Jaipur
Thursday, August 21, 2025

हज यात्रियों को लखनऊ ले कर आए विमान के पहियों से धुआं निकला, सभी यात्री सुरक्षित

Newsहज यात्रियों को लखनऊ ले कर आए विमान के पहियों से धुआं निकला, सभी यात्री सुरक्षित

लखनऊ/बलिया, 16 जून (भाषा) जेद्दा से 242 हाजियों को लेकर लखनऊ पहुंचे सऊदी एयरलाइंस के विमान के उतरते समय पहियों से धुआं निकलने के बाद यहां हवाई अड्डे पर अलार्म बज गया। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार यह घटना रविवार सुबह शहर के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। विमान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘जेद्दा से 242 हज यात्रियों को वापस ला रहे सऊदी विमान के पहियों से धुआं निकलता देखा गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विमान बचाव और अग्निशमन (एआरएफएफ) टीम मौके पर पहुंची। सऊदी टीम के साथ मिलकर धुएं पर काबू पाया गया और विमान को होने वाले नुकसान को टाला गया।’’

उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।

सूत्रों ने कहा, ‘‘खाली विमान आज अपने गंतव्य वापस लौटेगा।’’

इस बीच, उप्र के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री और उप्र हज कमेटी के अध्यक्ष दानिश आजाद अंसारी ने बलिया में कहा कि सभी हाजी सुरक्षित हैं।

अंसारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘सभी हाजी सुरक्षित हैं। विमान के उतरने के बाद एक मामूली तकनीकी समस्या आई थी, क्योंकि विमान के पहिए से कुछ चिंगारी निकली थी।’’

उन्होंने कहा,‘‘यात्रा के दौरान कोई समस्या नहीं आई, सभी लोग सहज थे। विमान के उतरने पर थोड़ी समस्या आई थी। सभी हाजी आराम से वापस लौट आए हैं।’’

इस घटना की जांच के बारे में पूछे जाने पर अंसारी ने कहा कि हवाईअड्डा प्रशासन इस सवाल का बेहतर जवाब देगा।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लखनऊ की घटना को अहमदाबाद विमान दुर्घटना से जोड़ना उचित नहीं है।

अंसारी ने कहा, ‘‘सऊदी एयरलाइंस की उड़ान संख्या 3112 सुबह उतरी। उतरने के बाद हवाईअड्डा प्रशासन को कुछ तकनीकी दिक्कतें नजर आईं। अधिकारियों ने उन्हें दूर कर दिया। ।’’

मंत्री का कहना था कि उत्तर प्रदेश से करीब 14,000 हज यात्री गए थे। यह हज यात्रा 50 दिन पहले शुरू हुई थी।

अंसारी ने कहा, ‘‘हम हर दिन इसकी निगरानी कर रहे हैं। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं कोई दिक्कत न हो।’’

उन्होंने कहा कि हज यात्रियों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने कहा, ‘सब कुछ कुशलता से किया जा रहा है। वहां सभी सावधानियां बरती गई हैं। हज यात्रा के दौरान एंबुलेंस से लेकर फायर ब्रिगेड और अन्य संसाधन उपलब्ध हैं।’

भाषा मनीष जफर आनन्द

राजकुमार

राजकुमार

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles