(एना फ्रीडलैंडर, चार्लोट ग्रीनहालघ, होली थोर्पे और जोहाना श्मिड्ट, यूनिवर्सिटी ऑफ वाइकातो)
हैमिल्टन (न्यूजीलैंड), 19 जून (द कन्वरसेशन) मासिक धर्म चक्र पर नजर रखने वाले ऐप माहवारी, प्रजनन और सामान्य स्वास्थ्य उद्देश्यों के लिए लोकप्रिय डिजिटल उपकरण हैं। लेकिन जिस तरह से ये ऐप आंकड़े एकत्र करते हैं और उनका उपयोग करते हैं, उसमें जोखिम होता है।
कई ऐप उपयोगकर्ताओं को उनके माहवारी चक्र से परे यौन गतिविधि, दवाओं, नींद की गुणवत्ता, व्यायाम, सामाजिक गतिविधि और मासिक धर्म के बंद होने से पहले के लक्षणों सहित कई जानकारियां डालने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इन दर्ज आंकड़ों के साथ ही ये ऐप अक्सर उपयोगकर्ता की लोकेशन और अन्य व्यक्तिगत जानकारी एकत्र करते हैं।
मासिक धर्म पर नजर रखने वाले ऐप खासतौर से उन स्थानों पर खतरा पैदा कर सकते है जहां गर्भपात गैरकानूनी है क्योंकि कानून प्रवर्तन अधिकारी अनुरोध करने पर उपयोगकर्ता के आंकड़े प्राप्त कर सकते हैं।
हमारा नया शोध यह पता लगाता है कि न्यूजीलैंड के एओटेरोआ ऐप उपयोगकर्ता इन जोखिमों के बारे में कितने जागरूक हैं।
निजता, आंकड़े और जोखिम :
माहवारी पर नजर रखने वाले ऐप सबसे पहले 2013 में बनाये गये। तब से सैकड़ों ऐसे ऐप बनाये गये हैं जिन्हें दुनियाभर में करोड़ों लोगों ने डाउनलोड किया हुआ है।
हाल ही में किए गए विश्लेषण में पाया गया कि इन ऐप का सबसे ज्यादा इस्तेमाल उत्तर अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और एओटेरोआ में किया जा रहा है। इसी अध्ययन में पाया गया कि तीन ऐप – फ़्लो, क्लू और पीरियड ट्रैकर को सबसे अधिक डाउनलोड किया गया है।
माहवारी से जुड़े ऐप की निजता नीतियों के हालिया विश्लेषण में पाया गया कि ये अक्सर कई व्यक्तिगत जानकारियां एकत्रित करते हैं। ये निजी स्वास्थ्य आंकड़े तीसरे पक्षों को दे दिए जाते हैं।
हमारे शोध में कुछ प्रतिभागी ऐसे हैं जिन्होंने एक दशक या उससे अधिक समय तक एक ऐप का उपयोग किया है। इसका मतलब यह है कि ऐप में वर्षों के निजी स्वास्थ्य डेटा और अन्य व्यक्तिगत जानकारी का एक व्यापक डेटाबेस है।
इन आंकड़ों का इस्तेमाल वाणिज्यिक, अनुसंधान या अन्य ऐप में तीसरे पक्षों द्वारा किया जा सकता है और वह भी कभी-कभी उपयोगकर्ताओं की सहमति के बिना। एक अध्ययन में पाया गया कि कई मासिक धर्म संबंधी ऐप ने गोपनीयता नीतियों में की गयी घोषणा की तुलना में अधिक आंकड़े तीसरे पक्षों को दिए हैं।
अन्य अध्ययन में कहा गया है कि ये ऐप उपयोगकर्ता की सहमति लिए बिना निजता संबंधी नीतियां बदल देते हैं।
ऐप की गोपनीयता नीतियों में अक्सर कहा जाता है कि उपयोगकर्ताओं की जानकारियां कानून प्रवर्तन अधिकारियों को अनुरोध करने पर दी जा सकती है जो कि उन स्थानों पर चिंता का प्रमुख विषय है जहां गर्भपात गैरकानूनी है।
अध्ययन में भाग लेने वाले लोगों ने माहवारी की तारीख का पता लगाने, दर्द के बारे में जानने और डॉक्टरों को इसके बारे में बताने, गर्भधारण करने में मदद के लिए और अपनी शारीरिक गतिविधियों में बारे में पता लगाने समेत विभिन्न कारणों से इन ऐप का इस्तेमाल किया।
कुछ भागीदारों ने हमें बताया कि मासिक धर्म चक्र पर नजर रखने वाले ऐप का इस्तेमाल करना फायदेमंद है जबकि कुछ ने इसे जोखिम भरा बताया।
इन ऐप के निर्माताओं को लाभ कमाने के लिए गोपनीय आंकड़े बेचने नहीं चाहिए। सांसदों और नीति निर्माताओं को इसके फायदे तथा जोखिम का आकलन करना चाहिए और निजी आंकड़ों की मजबूत सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
द कन्वरसेशन
गोला मनीषा
मनीषा