19.8 C
Jaipur
Friday, June 20, 2025

विशाखापत्तनम में इतिहास रचेगा योग दिवस, पीएम मोदी की मौजूदगी में 3 लाख लोग करेंगे योग

Fast Newsविशाखापत्तनम में इतिहास रचेगा योग दिवस, पीएम मोदी की मौजूदगी में 3 लाख लोग करेंगे योग

(तस्वीरों के साथ जारी)

अमरावती, 20 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश में शनिवार को विशाल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे जो बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम के आर के बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर लंबे गलियारे में आयोजित किया जाएगा और वहां तीन लाख से अधिक लोग एक साथ योग कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सुबह साढ़े छह बजे से आठ बजे तक निर्धारित इस कार्यक्रम को इस तरह से आयोजित किया जाएगा कि ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ सहित कई रिकॉर्ड स्थापित हों।

आंध्र प्रदेश सरकार का 21 जून को न केवल विशाखापत्तनम में बल्कि पूरे राज्य में एक साथ कई गतिविधियों का आयोजन कर, कई लाख लोगों को योगाभ्यास में शामिल कर रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है।

दुनिया भर के कई देशों द्वारा मनाए जाने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की विषयवस्तु ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ रखी गई है।

नायडू ने कहा, ‘‘25,000 से अधिक आदिवासी छात्र 108 मिनट तक सूर्य नमस्कार करेंगे। इसका उद्देश्य सबसे बड़े समूह और सबसे अधिक लोगों द्वारा एक साथ सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड बनाना है।’’

सरकार का लक्ष्य राज्य भर में एक लाख केंद्रों में योग सत्र आयोजित करना और विशाखापत्तनम में योग गतिविधियों में भाग लेने के लिए पांच लाख लोगों को आकर्षित करना है।

विशाखापत्तनम में आर के बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर के क्षेत्र में व्यापक व्यवस्था किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान एक साथ 3.19 लाख लोग योग कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य, देश और दुनिया भर के आठ लाख स्थानों से प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि योग दिवस की गतिविधियों में भागीदारी के लिए दो करोड़ के अनुमान से भी अधिक 2.39 करोड़ लोगों ने पंजीकरण कराया है।

योग दिवस से पहले दक्षिणी राज्य ने योग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक महीने तक चले ‘योगांध्र’ अभियान की शुरुआत की, जिसमें भारत से उत्पन्न इस प्राचीन विधा से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया।

सरकार की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि ‘योगांध्र’ के तहत गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक 15,000 योग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, 5,451 प्रशिक्षकों ने इस प्रयास में योगदान दिया और विभिन्न योग कार्यक्रमों के एक करोड़ से अधिक प्रतिभागियों को प्रमाणित किया गया।

इस महा आयोजन के सुचारू संचालन के लिए 1,000 लोगों की क्षमता वाले 326 ‘कम्पार्टमेंट’ तैयार किए गए हैं और 3.32 लाख टी-शर्ट और योग के लिए पांच लाख चटाइयों की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने 21 जून को योग गतिविधियों के लिए राज्य भर में 1.3 लाख से अधिक स्थानों की पहचान की है और उन्हें पंजीकृत किया है जबकि विशाखापत्तनम में 30,000 लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।

हालांकि बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है लेकिन मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री ने तैयारियों का जायजा लेने के लिए हाल में व्यक्तिगत रूप से विशाखापत्तनम का दौरा किया था। उन्होंने राज्य के सभी लोगों से योग दिवस को सफल बनाने का आह्वान किया।

विशाखापत्तनम में योग कार्यक्रम स्थल पर 3,000 से अधिक बस से योग प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रतिभागियों को योग दिवस पर सुबह छह से साढ़े छह बजे के बीच अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंच जाना चाहिए।

इस बीच, विशाखापत्तनम में कार्यक्रम के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरीश कुमार गुप्ता ने पहले कहा, ‘‘1,200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन 26 किलोमीटर के उस हिस्से पर नजर रखेंगे जहां हजारों लोग योग करेंगे। सुरक्षा के लिए करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।’’

इस आयोजन के दौरान समन्वय और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उच्च प्रौद्योगिकी से लैस एक पुलिस नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।

गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और अन्य प्रमुख मंत्रियों के शामिल होने के कारण हर स्तर पर मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles