बैंकॉक, 20 जून (एपी) थाईलैंड की प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा ने अपने इस्तीफे की मांग के बीच शुक्रवार को कंबोडिया से लगते सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया।
विभिन्न समूहों ने कंबोडिया के एक पूर्व सैन्य अधिकारी के साथ पैतोंगटार्न की बातचीत लीक होने के बाद उनकी (थाई प्रधानमंत्री की) इस्तीफे की मांग की है। इस लीक कॉल में दोनों नेताओं के बीच सीमा पर तनाव को लेकर विचार विमर्श हो रहा है।
पैतोंगटार्न ने उत्तर-पूर्वी उबोन रात्चाथानी प्रांत के एक सीमावर्ती शहर का दौरा किया, जो कंबोडिया के साथ विवादित क्षेत्र के नजदीक है और जहां 28 मई को दोनों पक्षों के बीच एक संक्षिप्त झड़प में एक कंबोडियाई सैनिक मारा गया था।
थाईलैंड के ‘गवर्मेंट हाउस’ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पैतोंगटार्न की यात्रा का उद्देश्य उन सैनिकों का मनोबल बढ़ाना है, जो देश की संप्रभुता और हितों की रक्षा के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
थाईलैंड के कई समूहों ने शुक्रवार को घोषणा की कि वे पैतोंगटार्न के इस्तीफे की मांग को लेकर अगले सप्ताह रैली निकालेंगे।
कंबोडिया की सीनेट (संसद के उच्च सदन) के सभापति हुन सेन ने बुधवार को पैतोंगटार्न के साथ बातचीत की 17 मिनट की रिकॉर्डिंग जारी की। थाई प्रधानमंत्री को हुन सेन से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि थाईलैंड में ‘‘एक प्रतिद्वंद्वी’’ की बात न सुनें।
माना जाता है कि इसका संदर्भ क्षेत्रीय थाई सेना कमांडर बूनसिन पैडक्लांग से है, जिन्होंने सीमा विवाद को लेकर कंबोडिया की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी।
एपी धीरज सुरेश
सुरेश