24.2 C
Jaipur
Saturday, June 21, 2025

उप्र : 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए 100 से अधिक योग पार्क विकसित

Newsउप्र : 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए 100 से अधिक योग पार्क विकसित

लखनऊ, 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है और इसके लिए 100 से अधिक योग पार्क विकसित किए गए हैं। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गयी।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप नगर विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में 100 से अधिक योग पार्क विकसित किए हैं। इन पार्कों में योग और संबंधित गतिविधियों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इन पार्कों में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को हजारों की संख्या में लोग एक साथ योग करेंगे। योग पार्कों को इस रूप में विकसित किया गया है, जहां स्थानीय लोग योग दिवस के बाद भी योग एवं अन्य स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां संचालित कर सकें।

बयान के मुताबिक योग पार्कों का विकास आयुष मंत्रालय के तय मानकों के अनुरूप किया गया है।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ निर्धारित किया गया है। इस विषय के अंतर्गत नगर विकास विभाग ने पूरे प्रदेश में स्थानीय नगर निकायों के माध्यम से 100 से अधिक योग पार्क स्थापित किए हैं।

नगर निगम वाराणसी में शहीद उद्यान, बेनिया बाग पार्क, हरिश्चंद्र पार्क के साथ ही नमो घाट, अस्सी घाट और रविदास घाट पर भी योग किया जाएगा। इसी तरह नगर निगम आगरा में बल्केश्वर पार्क, सेंट्रल पार्क आवास विकास, कालिंदी पार्क और नगर निगम कार्यालय पार्क को योग पार्क के तौर पर विकसित किया गया है।

नगर विकास विभाग ने राजधानी लखनऊ में गुलाब पार्क,स्वर्ण जयंती पार्क, झंडे वाला पार्क, ईडी पार्क जैसे नौ योग पार्कों को विकसित किया है। इसी क्रम में कानपुर नगर निगम ने भी नानाराव पार्क, बुद्ध पार्क, संजय वन और परशुराम वाटिका को योग पार्क बनाया है।

नगर विकास विभाग ने जिलों के सभी जिलाधिकारियों, स्थानीय निकाय निदेशालय और नगर निगमों के आयुक्तों को निर्देश दिये हैं कि अंतरराष्ट्रीय योग पार्कों में मूलभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और योग प्रशिक्षण के लिए उपयुक्त स्थान को सुनिश्चित किया जाए।

भाषा

आनन्द, रवि कांत रवि कांत

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles