मथुरा, 20 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को मथुरा में विश्राम घाट पर पूजन कर यमुना के शुद्धीकरण का संकल्प लेकर पदयात्रा निकाली और नगर निगम पहुंच कर अधिकारियों को मांगपत्र सौंपा।
इस पदयात्रा रैली में उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक प्रदीप माथुर समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
राय ने कहा कि कांग्रेस ने यमुना के तट से नदी के शुद्धीकरण का बिगुल बजा दिया है और यमुना की साफ-सफाई के लिए दृढ संकल्पित है।
उन्होंने कहा, “हम यह संकल्प अवश्य पूरा करेंगे, कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर लोगों के बीच कार्य कर रहे हैं, निश्चित तौर पर आगे बढेंगे।”
एक सवाल के जवाब में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि दिल्ली चुनाव में यमुना की सफाई का वादा किए जाने के बाद भी भाजपा ने कुछ नहीं किया।
भाजपा पर आरोप लगाते हुए राय ने कहा कि “केवल एक दिन का कार्यक्रम कर भाजपा गायब हो गई। यदि यकीन न हो तो खुद जाकर देख लें कि यमुना की कितनी सफाई हुई है। उस दिन के बाद तो यमुना सफाई के लिए लाई गई मशीन भी नहीं दिख रही है।”
उन्होंने वृन्दावन में प्रस्तावित कॉरिडोर का विरोध कर रहे लोगों के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने वाराणसी में लोगों से कॉरिडोर के लिए जबरन जमीन लिए जाने का भी आरोप भी लगाया।
भाषा
सं, आनन्द, रवि कांत रवि कांत