32.8 C
Jaipur
Saturday, June 21, 2025

योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को: मुख्यमंत्री शर्मा

Newsयोग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को: मुख्यमंत्री शर्मा

(फोटो सहित)

जैसलमेर/जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का केवल आध्यात्मिक उत्थान ही नहीं हो रहा बल्कि वह दुनिया की एक प्रमुख आर्थिक और सैन्य ताकत के रूप में भी उभरा है।

उन्होंने कहा कि योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।

शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जैसलमेर के खुड़ी सैंड ड्यून्स में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित किया और यहां स्थानीय लोगों के साथ योगाभ्यास किया।

बाद में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का केवल आध्यात्मिक उत्थान ही नहीं हो रहा बल्कि आज देश विश्व की एक प्रमुख आर्थिक और सैन्य ताकत के रूप में भी उभरा है।

उन्होंने कहा, ‘‘देश की सैन्य ताकत की बानगी हाल में दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर में देखी है। हमारे वीर जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुश्मन के छक्के छुड़ा के हम सबको गौरवान्वित किया है।’’

उन्होंने कहा कि योग को विश्व पटल पर पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। उनके प्रयासों से योग को वैश्विक लोकप्रियता प्राप्त हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर हम भी प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को विकसित करने के लिए करीब 100 करोड़ रुपए के विकास के कार्य करने जा रहे हैं। इसमें जैसलमेर में तनोट माता मंदिर और रामदेवरा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विकास कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पाकिस्तान जाने वाले पानी को रोककर सिंधु चिनाब का पानी राजस्थान लाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘योग विश्व को भारतीय सभ्यता की देन है। योग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है यह शरीर, मन, बुद्धि व आत्मा को जोड़ने की समग्र जीवन पद्धति है। योग आत्मा का ईश्वर से, मन का शांति से, शक्ति का उर्जा से मिलन है। योग केवल एक ‘मेडिटेशन’ (ध्यान) नहीं बल्कि मानव शरीर की सभी समस्याओं का ‘मेडिकेशन’ (दवा) है। इसमें परंपरा भी है, आधुनिकता भी है, विज्ञान भी है और विरासत भी है।’’

उन्होंने कहा कि योग मानवता को स्वस्थ जीवन के मार्ग पर ले जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पूरे राज्य में समारोह हुए, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और शांति, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक एकता का संदेश दिया।

जयपुर में योग दिवस समारोह एसएमएस स्टेडियम में आयोजित किया गया। जहां राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और अन्य लोगों ने योगाभ्यास किया।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर के मेहरानगढ़ किले में आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। शेखावत ने कहा, ‘‘स्वस्थ मन से स्वस्थ शरीर की प्राप्ति होती है। आज सभी ने योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का दृढ़ संकल्प लिया।’’

योग के महत्व पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को भी प्रतिभागियों ने सुना। जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस कर्मी, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान और अन्य लोग समारोह में शामिल हुए।

बूंदी में एक छोटी बच्ची ने रस्सी के सहारे हवा में योगाभ्यास किया। बांसवाड़ा में आयोजित योग दिवस समारोह में छात्रों ने कई आसनों का प्रदर्शन का लोगों को चकित कर दिया।

राज्य सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के अलावा, योग प्रेमियों के विभिन्न समूहों ने बड़ी संख्या में योगाभ्यास के कार्यक्रम सार्वजनिक पार्कों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य क्लबों और जिम तथा अन्य स्थानों पर किए।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत सरकार के आयुष्मान योग संपर्क पोर्टल पर योगाभ्यास के लिए राज्य के 2.25 लाख से अधिक स्थानों का पंजीकरण किया गया।

भाषा पृथ्वी मनीषा सुरभि

सुरभि

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles