बेंगलुरु, 22 जून (भाषा) भाजपा की कर्नाटक इकाई ने सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक बी. आर. पाटिल द्वारा आवास योजनाओं में भ्रष्टाचार होने के आरोपों के संबंध में रविवार को कहा कि वह राज्य में इसके खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी। हालांकि पार्टी ने यह नहीं बताया कि इसे कब शुरू किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के बी.वाई. विजयेंद्र ने कहा कि पाटिल के बयान से सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार उजागर हो गया है।
पाटिल कर्नाटक राज्य नीति एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने आवास मंत्री बी. जेड. जमीर अहमद खान के निजी सचिव सरफराज खान के साथ फोन पर बातचीत के दौरान मकानों के आवंटन में रिश्वतखोरी का आरोप लगाया था।
दोनों के बीच बातचीत का ऑडियो क्लिप वायरल हो गया, जिससे सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा। इसके बाद आड़ंद विधायक ने पुष्टि की कि ऑडियो में आवाज उनकी ही थी।
पाटिल ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऑडियो में मेरी ही आवाज़ है। मैंने बोल दिया है… मुझे जो कहना था, कह दिया है। मुझे नहीं पता कि मुख्यमंत्री क्या करेंगे। अगर वो मुझे बुलाएंगे तो मैं जाकर उनसे बात करूंगा।’’
पाटिल ने कहा कि उन्होंने केवल सच बोला है।
विजयेंद्र ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘वरिष्ठ नेता और कांग्रेस विधायक बी. आर. पाटिल ने राज्य में व्याप्त गंभीर स्थिति को उजागर किया है। पाटिल ने गरीबों को आवास उपलब्ध कराने वाले विभाग के भीतर भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया है।’’
शिकारीपुरा से विधायक विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी के नेता पाटिल को धमकाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘एक बात तो तय है कि यह कांग्रेस सरकार राज्य के गरीब लोगों के लिए अभिशाप बन गई है। सिद्धरमैया सरकार वंचितों के हित में काम नहीं कर रही है।’’
भाषा प्रीति नरेश
नरेश