नागपुर, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में दो व्यक्तियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए 75 वर्षीय एक पूर्व पुलिसकर्मी से करीब 1.5 लाख रुपये के सोने के आभूषण कथित तौर पर ठग लिए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) दशरथ धोंडाबाजी बरघाट के साथ मानेवाड़ा रोड पर वेणु कॉर्नर होटल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे यह घटना हुई।
अधिकारी ने बताया कि खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए, दो व्यक्तियों ने बरघाट से संपर्क किया और इलाके में बढ़ती चोरियों के बारे में कहानी गढ़ी।
उन्होंने बताया, “आरोपियों ने बरघाट को सोने की चेन और अंगूठी उतारने की सलाह दी। जब उन्होंने ऐसा किया तो दोनों व्यक्तियों ने आभूषण चुरा लिए और भाग गए।”
अधिकारी ने बताया कि अजनी पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर ठगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
भाषा जितेंद्र सुभाष
सुभाष