ऊना (हिमाचल प्रदेश), 23 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रविवार को एक एसयूवी और टेंपो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में से तीन एक ही परिवार के सदस्य हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
हादसा बरनोह गांव में उस समय हुआ जब एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ टेंपो में सवार होकर ऊना से लमलैहड़ी स्थित अपने घर लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, पंजाब नंबर प्लेट वाली एसयूवी में सवार श्रद्धालु हमीरपुर से ऊना लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार से जा रही एसयूवी के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो से टकरा गया।
पुलिस के अनुसार, दंपति और उनके दो बच्चे टेम्पो के आगे वाले केबिन में बैठे थे और टेंपो का पूरा अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। रविंद्र कुमार और उनकी आठ वर्षीय बेटी के पैर की हड्डियां टूट गई और सिर में गहरी चोट आई। उनकी पत्नी और बेटे को भी पैर में गंभीर चोटें आईं।
एसयूवी में सवार जालंधर निवासी प्रिया और तरसेम लाल भी दुर्घटना में घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां से रविंद्र, उनकी पत्नी रमा और बेटी अश्मिता को गंभीर हालत में चंडीगढ़ रेफर किया गया। बेटे दिव्यांश का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रवींद्र ने चंडीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी बरनोह पंचायत के प्रधान बख्शीश सिंह ने बताया कि हादसा एसयूवी चालक की लापरवाही से हुआ।
ऊना के पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने कहा कि सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा