बलिया (उप्र), 23 जून (भाषा) बलिया जिले के बांसडीह क्षेत्र में सोमवार को कार की चपेट में आने से छह वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने दो घंटे तक बांसडीह- मनियर मार्ग को जाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बांसडीह-मनियर मार्ग पर सोमवार को पूर्वाह्न हालपुर के पास एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आयुष (छह) नामक लड़के की मौत हो गई। इस घटना के बाद कार चालक भाग गया।
सूत्रों का कहना है कि लड़के के नाराज परिजनों और अन्य ग्रामीणों ने बांसडीह-मनियर मार्ग को जाम कर किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मृत बच्चे के पिता अंजनी साहनी की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
भाषा सं सलीम राजकुमार
राजकुमार