27.7 C
Jaipur
Saturday, August 30, 2025

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर भूस्खलन में दो श्रद्धालुओं की मौत, एक अन्य घायल

Newsयमुनोत्री पैदल मार्ग पर भूस्खलन में दो श्रद्धालुओं की मौत, एक अन्य घायल

उत्तरकाशी, 23 जून (भाषा) उत्तराखंड में यमुनोत्री मंदिर के पैदल रास्ते पर नौ कैंची के पास सोमवार को भूस्खलन होने से उसके मलबे में दबकर दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शाम पहाड़ दरकने से हुए भूस्खलन के मलबे से दो श्रद्धालुओं के क्षत-विक्षत शव बरामद किए गए हैं जबकि महाराष्ट्र के मुंबई के निवासी एक श्रद्धालु को घायल अवस्था में निकाला गया जिसे बाद में अस्पताल पहुंचाया।

केंद्र के अनुसार शवों के क्षत-विक्षत होने के कारण उनकी पहचान करना फिलहाल संभव नहीं है और शवों को जानकीचट्टी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी ने बताया कि घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाले गए मुंबई के श्रद्धालु रशिक (60) को तत्काल जानकीचट्टी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया तथा घावों में टांके लगाए गए।

उन्होंने बताया कि रशिक पूरी तरह होश में हैं।

इसने बताया कि घटनास्थल पर और लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और पुलिस अब भी तलाश एवं बचाव अभियान में जुटे हैं।

शुरुआती सूचना में भूस्खलन के मलबे में तीन से चार श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका व्यक्त की गयी थी।

उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल सिंह गुसाईं ने कहा कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस को मौके के लिए रवाना कर दिया गया तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल, पुलिस, वन विभाग, मेडिकल और पशुचिकित्साकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए।

See also  Bajaj Finance Launches 'Loan Utsav' with Special Rewards on Business Loan

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य नियंत्रण कक्ष से लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

भाषा सं दीप्ति खारी

खारी

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles