30.4 C
Jaipur
Saturday, June 28, 2025

पंजाब: तरनतारन के विधायक कश्मीर सिंह सोहल का निधन हो गया, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

Newsपंजाब: तरनतारन के विधायक कश्मीर सिंह सोहल का निधन हो गया, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

अमृतसर, 27 जून (भाषा) पंजाब में तरनतारन से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का शुक्रवार को यहां के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह तीन साल से अधिक समय से कैंसर से पीड़ित थे।

उनका निधन 66 वर्ष की आयु में हुआ।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी पार्टी के विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया।

मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुक्रवार को पोस्ट किया, ‘‘तरनतारन से हमारी पार्टी के सम्मानित विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार मिला। यह सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ।’’

उन्होंने सोहल को एक मेहनती और समर्पित नेता बताया।

मान ने पोस्ट में कहा, ‘‘उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं… ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस कठिन समय में परिजन और प्रियजनों को साहस प्रदान करें।’’

राजनीति में आने से पहले सोहल स्वास्थ्य विभाग में नेत्र रोग विशेषज्ञ के तौर पर काम किया और सेवानिवृत्त होने के बाद वह रोगियों का मुफ्त में उपचार करते थे।

तरनतारन में उन्हें समाज सुधारक, खेल प्रोत्साहक तथा पर्यावरणविद् जैसी कई भूमिकाओं में देखा गया।

सोहल के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं। उनके दोनों बच्चे पेशे से चिकित्सक हैं।

वह 2022 में हुए पिछले पंजाब विधानसभा चुनाव में तरनतारन निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए थे और चुनाव से ठीक दो साल पहले वह आप में शामिल हुए थे।

भाषा यासिर दिलीप

दिलीप

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles