27.8 C
Jaipur
Saturday, June 28, 2025

भारत 2029 में पहली बार विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों की मेजबानी करेगा

Newsभारत 2029 में पहली बार विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों की मेजबानी करेगा

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) भारत पहली बार 2029 में प्रतिष्ठित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों की मेजबानी करेगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत को मिली इन खेलों की मेजबानी को प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात करार दिया है। गुजरात के अहमदाबाद को इन खेलों का आयोजन होगा।

वर्ष 1985 से विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल हर दो वर्ष में एक बार आयोजित किए जाते हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, भारतीय पुलिस दल ने पहली बार 2007 में एडिलेड विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में भाग लिया था। भारतीय पुलिस दल ने 2007 में भागीदारी के बाद से खेलों के आठ संस्करणों में 1,400 से अधिक पदक जीते हैं।

अब तक विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों के 20 संस्करण आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें से आठ बार अमेरिका ने, पांच बार कनाडा ने, चार बार यूरोप ने, दो बार ब्रिटेन ने और एक बार चीन ने इनकी मेजबानी की है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि ये खेल पुलिस, अग्निशमन, आपात, आपदा सेवाओं और घटना के वक्त सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाले सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए हैं।

पिछले (20वां संस्करण) विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 26 जुलाई से छह अगस्त, 2023 के दौरान कनाडा के विन्निपेग में आयोजित किये गये थे, जहां 133 भारतीय पुलिस खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 343 पदक जीते थे, जिसमें 224 स्वर्ण, 82 रजत और 37 कांस्य थे।

शाह ने प्रतिष्ठित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों के लिए भारत को मेजबान देश के रूप में नामित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का क्षण बताया।

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि अहमदाबाद को इस आयोजन के स्थल के रूप में चुना जाना एक खेल स्थल के रूप में शहर के बढ़ते कद का प्रमाण है।

इन खेलों में पुलिस, अग्निशमन और आपदा सेवाओं के कर्मी 50 से अधिक खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘यह प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत गर्व का क्षण है, क्योंकि भारत को प्रतिष्ठित 2029 विश्व पुलिस और अग्निशमन खेलों के लिए मेजबान देश के रूप में नामित किया गया है। भारत द्वारा इस आयोजन की मेजबानी प्राप्त करना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में निर्मित हमारे विशाल खेल बुनियादी ढांचे की वैश्विक मान्यता है।’’

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles