27.8 C
Jaipur
Saturday, June 28, 2025

पड़ोसी देशों से संबंधित मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले पराग जैन नये रॉ प्रमुख नियुक्त किये गए

Newsपड़ोसी देशों से संबंधित मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले पराग जैन नये रॉ प्रमुख नियुक्त किये गए

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) खुफिया जानकारी जुटाने और पड़ोसी देशों से संबंधित मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी पराग जैन को गुप्तचर एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

जैन रॉ के निवर्तमान प्रमुख रवि सिन्हा के बाद एजेंसी में अभी दूसरे वरिष्ठतम अधिकारी हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जैन का कार्यकाल दो साल का होगा और वह 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे सिन्हा की जगह लेंगे।

जैन वर्तमान में रॉ के एविएशन रिसर्च सेंटर (एआरसी) के प्रमुख हैं, जो हवाई निगरानी समेत अन्य मामलों से संबंधित है।

पंजाब कैडर के 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी जैन को रॉ में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने पंजाब में आतंकवाद के चरम पर रहने के दौरान इसका मुकाबला करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस उप महानिरीक्षक के रूप में सेवा दी।

अधिकारियों ने बताया कि रॉ में जैन ने पाकिस्तान ‘डेस्क’ को बखूबी संभाला है। उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने के दौरान जम्मू कश्मीर में भी सेवा दी थी।

जैन ने श्रीलंका और कनाडा में भारतीय मिशन में भी सेवा दी है। कनाडा में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने वहां से संचालित खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल पर नजर रखी थी।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles