27.6 C
Jaipur
Sunday, June 29, 2025

विधि छात्रा सामूहिक बलात्कार प्रकरण: भाजपा की रैली रोकी गयी, प्रदेश अध्यक्ष हिरासत में

Newsविधि छात्रा सामूहिक बलात्कार प्रकरण: भाजपा की रैली रोकी गयी, प्रदेश अध्यक्ष हिरासत में

(फोटो के साथ)

कोलकाता, 28 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने मंगलवार को कथित सामूहिक बलात्कार की शिकार विधि छात्रा के महाविद्यालय की ओर कूच करने की कोशिश कर रहे भाजपा प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व करने वाले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार एवं अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।

भाजपा की इस रैली को ‘साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज’ की ओर बढ़ने से रोक दिया गया जहां 25 जून को 24 वर्षीय छात्रा के साथ उसके दो वरिष्ठों एवं एक पूर्व छात्र ने कथित रूप से बलात्कार किया था।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘रैली को दक्षिण कोलकाता के गरियाहाट क्रॉसिंग पर रोक दिया गया तथा मजूमदार एवं कई अन्य भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। उन्हें लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय ले जाया गया।’’

पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा, प्रोमित मुखर्जी और जैद अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह कॉलेज के गार्ड को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

मजूमदार ने आरोप लगाया कि बंगाल में ‘‘महिलाओं के लिए कोई सुरक्षा नहीं है और वे बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।’’

केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने कहा,‘‘हम यहां महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का विरोध करने आए थे। पुलिस ने हमें रैली करने की अनुमति नहीं दी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सामूहिक बलात्कार की घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।’’

उन्होंने यह भी कहा,‘‘मुख्यमंत्री न केवल मुख्यमंत्री हैं, बल्कि हमारी पुलिस मंत्री भी हैं। पुलिसकर्मी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की तरह काम करते हैं। वे हमें विरोध रैली करने से रोक रहे हैं। ममता नहीं चाहतीं कि सुकांत मजूमदार यहां कोई रैली करें।’’

इस बीच, विपक्ष के नेता सुभेंदु अधिकारी ने भी इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधा और महाविद्यालयों में प्राचार्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

अधिकारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘प्राचार्यों की नियुक्तियां शिक्षा विभाग द्वारा नहीं, बल्कि कालीघाट और कैमक स्ट्रीट से की जाती हैं। जिन्हें प्राचार्य बनाया जाता है, वे रीढ़विहीन होते हैं। इसलिए इस तरह की अराजकता की उम्मीद की जाती है।’’

उन्होंने स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री का जिक्र किया क्योंकि उनका आवास कालीघाट इलाके में है। उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी का भी जिक्र किया क्योंकि उनका कार्यालय कैमक स्ट्रीट इलाके में है।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles