26.2 C
Jaipur
Sunday, July 27, 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने राज्य में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की शुरुआत की

Newsछत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने राज्य में 'विकसित कृषि संकल्प अभियान' की शुरुआत की

रायपुर, 29 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बृहस्पतिवार को ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि साय ने आज रायपुर जिले के भैंसा गांव में आयोजित सुशासन शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 29 मई से 12 जून तक चलने वाले ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के लिए जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

साय ने कहा कि यह अभियान वैज्ञानिक सहयोग और अनुसंधान को खेतों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और इस अभियान में केंद्र सरकार के वैज्ञानिक राज्य के वैज्ञानिकों के साथ दल बनाकर कार्य करेंगे तथा आने वाले दिनों में राज्य के 13 लाख से अधिक किसानों से संपर्क किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिक और शोधकर्ता प्रयोगशाला से निकलकर खेतों तक जाकर किसानों को उन्नत और संतुलित कृषि की जानकारी देंगे तथा किसानों से सुझाव भी लेंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों को कृषि संकल्प अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शोध सिर्फ प्रयोगशालाओं में न रहे, बल्कि गांव-गांव तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 100 वैज्ञानिक इस अभियान में भाग लेंगे, जो स्थानीय वैज्ञानिकों और अधिकारियों के साथ मिलकर प्रतिदिन दो-दो कैंप लगाएंगे और किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देंगे।

उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री का कहना है कि भारत के किसान जितने सशक्त होंगे, देश उतना ही मजबूत होगा।

अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान 12 जून तक चलेगा और इसका उद्देश्य वैज्ञानिकों को किसानों से सीधे जोड़ते हुए उन्हें नई तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा सफल कृषि मॉडलों की जानकारी प्रदान करना है।

अभियान में कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों तथा संबंधित विभागों का सहयोग लिया जा रहा है।

भाषा संजीव नोमान

नोमान

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles