बैंकॉक, 29 मई, (एपी) थाईलैंड और कंबोडिया के सेना प्रमुखों ने बृहस्पतिवार को विवादित सीमा क्षेत्र से आपसी सहमति से पीछे हटने पर सहमति व्यक्त की, जहां एक दिन पहले हुई संक्षिप्त झड़प में एक कंबोडियाई सैनिक मारा गया था।
कंबोडिया ने बुधवार को कहा था कि जब कंबोडियाई सैनिक सीमा पर नियमित गश्त कर रहे थे, तभी थाईलैंड की सेना ने गोलीबारी शुरू कर दी। जबकि थाईलैंड की सेना ने कहा कि कंबोडियाई सैनिक विवादित क्षेत्र में घुस आए और जब थाई सैनिक बातचीत के लिए वहां पहुंचे तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।
थाईलैंड सेना ने बताया कि यह संघर्ष लगभग 10 मिनट तक चला, जिसके बाद स्थानीय कमांडरों ने एक दूसरे से बात की और संघर्ष विराम का आदेश दिया।
थाईलैंड की सेना के प्रवक्ता विन्थाई सुवारी ने बताया कि थाईलैंड सेना प्रमुख जनरल पाना क्लेप्लोडटूक ने सीमा चौकी पर अपने कंबोडियाई समकक्ष जनरल माओ सोफान से मुलाकात की और कंबोडिया के सैनिक की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की।
प्रवक्ता सुवारी ने कहा कि दोनों पक्ष पीछे हटने पर सहमत हो गए हैं और आने वाले सप्ताहों में दोनों देशों के बीच सीमा की स्थिति पर विशेष संयुक्त समितियों के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के सैनिक पहले ही झड़प वाले क्षेत्र से पीछे हट चुके हैं।
एपी पवनेश माधव
माधव