29.7 C
Jaipur
Saturday, July 5, 2025

मिजोरम भाजपा अध्यक्ष ने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया

Newsमिजोरम भाजपा अध्यक्ष ने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया

आइजोल, दो जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मिजोरम इकाई के नवनिर्वाचित अध्यक्ष के. बेइचुआ ने बुधवार को संकल्प लिया कि वह पार्टी में जमीनी स्तर पर सुधार लाएंगे।

बेइचुआ ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी में सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में यथासंभव अधिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मिजोरम में भाजपा को मजबूत करने के लिए हम जमीनी स्तर पर सुधार करेंगे। हम गांवों में यथासंभव अधिक से अधिक इकाइयां स्थापित करेंगे।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी के पास अब राज्य भर में 75,000 से अधिक सदस्यों के साथ 327 इकाइयां हैं।

सियाहा के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री बेइचुआ को रविवार को भाजपा की मिजोरम इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। वह वनलालमुआका का स्थान लेंगे।

तीन बार विधायक रह चुके बेइचुआ ने कहा कि पार्टी लोगों को भाजपा के बारे में बताने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि मिजोरम में आम धारणा है कि भाजपा ‘‘सांप्रदायिक और ईसाई विरोधी’’ है, जो सच नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर धर्म का सम्मान करती है और इसकी सर्वोच्च प्राथमिकता विकास व गरीबों का उत्थान है।

बेइचुआ ने कहा कि भाजपा सभी मिजो जनजातियों के एकीकरण, उनकी संस्कृति, परंपरा और धर्म के संरक्षण, संवर्धन और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में अगली सरकार बनाने के लिए 2028 में होने वाले अगले विधानसभा चुनावों में अधिक से अधिक सीटें जीतने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास करेगी।

भाषा गोला माधव

माधव

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles