29.9 C
Jaipur
Friday, July 4, 2025

संकट से निपटने के लिए आम किसान, पल्प कंपनियां मिलकर काम करें : आंध्र मुख्यमंत्री

Newsसंकट से निपटने के लिए आम किसान, पल्प कंपनियां मिलकर काम करें : आंध्र मुख्यमंत्री

कुप्पम (आंध्र प्रदेश), तीन जुलाई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को आम किसानों और ‘पल्प’ (गूदा) कंपनियों से मिलकर काम करने का आग्रह किया, खासकर तब जबकि किसान एक बड़े संकट का सामना कर रहे हैं।

कुप्पम में अपने आवास पर अविभाजित चित्तूर जिले के आम किसानों और पल्प कंपनियों और प्रसंस्करण इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में नायडू ने कंपनियों को किसानों से तुरंत आम खरीदने का निर्देश दिया।

नायडू ने बयान में कहा, ‘‘सरकार पल्प उद्योग और प्रसंस्करण इकाइयों का भी समर्थन करेगी।’’

उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए एक कार्ययोजना तैयार करेगी कि उन्हें भविष्य में इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने नायडू को बताया कि अबतक 1.12 लाख टन आम खरीदा जा चुका है, और 1.7 लाख टन और खरीदे जाने की उम्मीद है।

हालांकि, किसानों ने बताया कि ऑर्डर और भंडारण स्थान की कमी के कारण पल्प (गूदा) कंपनियां आम नहीं खरीद रही हैं।

बयान के अनुसार, पल्प कंपनियों और निर्यातकों ने कहा कि पाकिस्तान और कुछ अफ्रीकी देशों जैसे बाजारों में आयात शुल्क नहीं है, लेकिन यूरोपीय बाजारों में शुल्क ऊंचे बने हुए हैं। उन्होंने नायडू से इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष उठाने और आम के गूदे पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) को 12 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने की मांग करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि उन्होंने जीएसटी मुद्दे पर केंद्र को पहले ही पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले को आगे बढ़ाने का वादा किया।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles