25.4 C
Jaipur
Tuesday, July 8, 2025

पंजाब: अकाली नेता सुखदेव ढींढसा का उनके पैतृक गांव में किया गया अंतिम संस्कार

Newsपंजाब: अकाली नेता सुखदेव ढींढसा का उनके पैतृक गांव में किया गया अंतिम संस्कार

चंडीगढ़, 30 मई (भाषा) अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा का शुक्रवार को पंजाब के संगरूर जिले में उनके पैतृक गांव उभावाल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ढींढसा का बुधवार शाम को मोहाली के एक निजी अस्पताल में उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे।

ढींढसा का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर रखा गया था ताकि लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को संगरूर लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री का अंतिम संस्कार उभावाल स्थित परिवार के स्वामित्व वाली जमीन पर किया गया।

ढींढसा के पुत्र परमिंदर सिंह ढींढसा ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी। परमिंदर सिंह ढींढसा पूर्ववर्ती अकाली सरकार में वित्त मंत्री थे।

वरिष्ठ अकाली नेता के अंतिम संस्कार के दौरान विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इनमें शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के मंत्री और आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख अमन अरोड़ा, अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, जननायक जनता पार्टी (जजपा) के प्रमुख अजय सिंह चौटाला, अकाली नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा और पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल शामिल थे।

ढींढसा 2004 में अकाली दल के टिकट पर संगरूर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय खेल, रसायन और उर्वरक मंत्री थे।

ढींढसा 1998 से 2004 और 2010 से 2022 तक राज्यसभा सदस्य रहे।

भाषा योगेश धीरज

धीरज

Check out our other content

Check out other tags:

Most Popular Articles