भुवनेश्वर, आठ जुलाई (भाषा) ओडिशा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मनमोहन सामल को मंगलवार को फिर से राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया।
भाजपा के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक संजय जायसवाल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सामल की इस पद पर दोबारा नियुक्ति की घोषणा की।
जायसवाल ने कहा कि वह इस पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अकेले नेता थे और इसलिए उन्हें निर्विरोध चुना गया। यह राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में सामल का लगातार दूसरा और कुल चौथा कार्यकाल होगा।
उनके पहले के तीन कार्यकाल नवंबर 1999 से अक्टूबर 2000, अक्टूबर 2000 से मई 2004 और मार्च 2023 से जुलाई 2025 तक थे।
भद्रक जिले में 15 अप्रैल, 1959 को जन्मे सामल अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से हैं। राज्य की आबादी का 50 प्रतिशत हिस्सा ओबीसी का है।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा